
शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे का विरोध, कार्रवाई की मांग को लेकर धरने पर बैठीं बीजेपी विधायक
जशपुर। जशपुर जिले में शासकीय जमीन पर अवैध कब्जे और निर्माण कार्य को लेकर बड़ा सियासी घटनाक्रम सामने आया है। कार्रवाई नहीं होने से नाराज जशपुर विधायक रायमुनी भगत शुक्रवार को सन्ना थाना क्षेत्र में धरने पर बैठ गईं। विधायक सैकड़ों कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचीं और प्रशासन से अवैध कब्जे पर तत्काल कार्रवाई की मांग की।

मामला सन्ना पेट्रोल पंप के पास स्थित बेशकीमती शासकीय भूमि से जुड़ा हुआ है, जहां पिछले करीब तीन महीनों से अवैध कब्जे और निर्माण कार्य का आरोप लगाया जा रहा है। इस प्रकरण में अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओ) बगीचा द्वारा अनावेदक अशोक गुप्ता को निर्माण कार्य रोकने का स्पष्ट आदेश भी जारी किया गया था, लेकिन आरोप है कि प्रशासनिक आदेश के बावजूद निर्माण कार्य लगातार जारी रहा।
प्रशासन पर गंभीर आरोप
धरना स्थल पर विधायक रायमुनी भगत ने प्रशासन की कार्यप्रणाली पर कड़ा रोष जताया। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रशासन भू-माफियाओं के खिलाफ नरमी बरत रहा है और सरकारी जमीन की रक्षा करने में पूरी तरह विफल साबित हो रहा है। विधायक ने साफ शब्दों में कहा कि जब तक अवैध कब्जे पर प्रभावी कार्रवाई नहीं होती, वे धरने से नहीं हटेंगी।
अनावेदक का दावा – निजी भूमि है
विवाद के केंद्र में रहे अशोक गुप्ता ने अपना पक्ष रखते हुए कहा कि जिस भूमि पर सीमांकन की प्रक्रिया चल रही है, वह उनकी निजी भूमि है। उन्होंने दावा किया कि यह विवाद जानबूझकर खड़ा किया जा रहा है और वे किसी भी हालत में अपनी जमीन नहीं छोड़ेंगे।

मौके पर तैनात रहा भारी पुलिस बल
विधायक के धरने पर बैठने की सूचना मिलते ही वरिष्ठ प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। पिछले तीन महीनों से चला आ रहा यह भूमि विवाद अब पूरी तरह राजनीतिक रूप ले चुका है, जिससे प्रशासन पर दबाव बढ़ गया है। फिलहाल स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है और प्रशासन की अगली कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



