
बिरनपुर हिंसा मामले में सुनवाई तेज,CBI ने छह नए आरोपियों के आधार पर धाराएं बढ़ाने की मांग की
रायपुर। छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के बिरनपुर गांव में 8 अप्रैल 2023 को हुई सांप्रदायिक हिंसा के मामले में करीब ढाई साल बाद एक बार फिर सुनवाई की प्रक्रिया ने रफ्तार पकड़ ली है। स्पेशल कोर्ट में बुधवार को हुई सुनवाई के दौरान केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और बचाव पक्ष के बीच धाराएं बढ़ाए जाने को लेकर लंबी बहस हुई।
जांच में सामने आए छह नए आरोपी
सीबीआई ने कोर्ट में आवेदन दायर कर कहा कि जांच के दौरान हिंसा घटना से जुड़े छह नए आरोपियों की पहचान हुई है। इन आरोपियों के सामने आने से घटना से जुड़े कई नए तथ्य, परिस्थितियां और साक्ष्य उजागर हुए हैं, जिन्हें मामले की गंभीरता और प्रकृति को देखते हुए केस में नई धाराएं जोड़ना आवश्यक है।

सीबीआई ने धाराएं बढ़ाने का रखा पक्ष
एजेंसी ने कोर्ट में तर्क दिया कि नए तथ्यों के आधार पर यह स्पष्ट है कि हिंसा की योजना, इसमें शामिल भूमिकाएं और आरोपियों की संख्या पहले से कहीं अधिक थी। इसलिए मामले में गंभीर धाराएं जोड़कर सुनवाई को आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
बचाव पक्ष ने किया विरोध
वहीं, बचाव पक्ष ने सीबीआई की मांग का विरोध करते हुए कहा कि बिना पर्याप्त आधार और ठोस साक्ष्यों के धाराएं बढ़ाना उचित नहीं है। बचाव पक्ष ने कोर्ट से सीबीआई के आवेदन को खारिज करने की मांग की।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



