
Bilaspur : एफएम ग्रुप इंस्टीट्यूट पर छात्रों का हंगामा, 15 दिन से बंद क्लास, फीस वसूली के बाद भी नहीं हो रही पढ़ाई
बिलासपुर। शहर के प्रसिद्ध एफएम ग्रुप के कम्पिटिशन कम्यूनिटी इंस्टीट्यूट में शुक्रवार को जमकर हंगामा हुआ। कक्षाएं बंद होने से नाराज प्रतियोगी छात्रों ने सिटी कोतवाली थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि संस्था ने बेहतर शिक्षण का झांसा देकर उनसे 30 से 45 हजार रुपए तक फीस वसूली, लेकिन पिछले 15 दिनों से कक्षाएं पूरी तरह बंद हैं।
संस्थान के शिक्षकों को नहीं मिली अब तक सैलेरी
छात्रों ने बताया कि एडमिशन के समय अनुभवी शिक्षकों से डेमो क्लास कराई गई थी, मगर बाद में लगातार टीचर्स बदल दिए गए। जांच में सामने आया है कि शिक्षकों को महीनों से सैलरी नहीं दी गई है। संस्थान के शिक्षकों ने खुलासा किया कि डायरेक्टर मुर्तजा हुसैन ने दिवाली के अवसर पर चार शिक्षकों को 50-50 हजार के चेक दिए, जो बाउंस हो गए। दो शिक्षकों को वेतन मांगने पर नौकरी से निकाल दिया गया, जबकि एक शिक्षक को अपनी शादी के खर्च के लिए सैलरी मांगने पर भी भुगतान नहीं मिला।

मामले की जांच शुरू
शिक्षकों के अनुसार, एफएम ग्रुप में करीब तीन हजार छात्र पढ़ते हैं और संस्था की मासिक आय 20 लाख रुपए से अधिक है, बावजूद इसके स्टाफ का वेतन रोका गया है। छात्रों और शिक्षकों दोनों का कहना है कि यह स्थिति न केवल कर्मचारियों के साथ अन्याय है, बल्कि छात्रों के भविष्य से भी खिलवाड़ है। पुलिस ने छात्रों की शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



