
Bilaspur: बार-बार फोन करने पर पति ने पत्नी का हाथ तोड़ा, धारदार हथियार से भी किया हमला
घायल महिला ने तोरवा थाने में दर्ज कराई शिकायत, पुलिस ने शुरू की जांच
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के तोरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत देवरीखुर्द में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। पति ने पत्नी के बार-बार फोन करने से नाराज होकर उस पर क्रूर हमला किया। हमले में पत्नी का हाथ टूट गया और वह गंभीर रूप से घायल हो गई। पीड़िता ने पति के खिलाफ मारपीट और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत दर्ज कराई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
नैनीताल घूमने गए पति से लगातार कॉल करने पर भड़का विवाद
पीड़िता रेहाना किन्नर (29 वर्ष), निवासी देवरीखुर्द, ने तोरवा थाने में दिए बयान में बताया कि उसका पति वरुण महानंद 6 जनवरी को घूमने के लिए नैनीताल गया था। इस दौरान रेहाना ने उसे मोबाइल पर कई बार कॉल किया।

नैनीताल से लौटने के बाद वरुण ने इसी बात को लेकर 13 जनवरी को पत्नी से तीखा विवाद किया। रेहाना ने समझाने की कोशिश की तो पति ने उसे गालियां दीं और जान से मारने की धमकी भी दी। विवाद इतना बढ़ गया कि वरुण ने धारदार हथियार से रेहाना पर हमला कर दिया।
दादी के घर पहुंचकर फिर की पिटाई, हाथ हुआ टूटा
हमले से घायल रेहाना किसी तरह अपने ससुराल में पति की दादी सरोज महानंद के पास पहुंची। इसी बीच वरुण भी पीछे-पीछे दादा के घर आ गया। वहां उसने लकड़ी के बत्ते से रेहाना की जमकर पिटाई कर दी। इस मारपीट में रेहाना का हाथ टूट गया और वह बुरी तरह घायल हो गई।
घायल अवस्था में रेहाना किसी तरह निजी अस्पताल पहुंची, जहां उसका प्राथमिक उपचार हुआ। उपचार के बाद उसने तुरंत तोरवा थाने पहुंचकर पूरी घटना की शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
तोरवा थाने की पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर वरुण महानंद के खिलाफ मारपीट, जान से मारने की धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने मामले की गहन जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश में छापेमारी कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



