
Bilaspur : स्कूल में घुसा आवारा कुत्ता, छात्र-शिक्षिका पर हमला, अब तक 10 लोग बने शिकार
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां एक आवारा कुत्ता स्कूल परिसर में घुस आया और पहली कक्षा के छात्र पर हमला कर दिया। बच्चे को नोंचते देख उसे बचाने दौड़ी महिला शिक्षिका पर भी कुत्ते ने हमला कर दिया, जिससे दोनों घायल हो गए।

पीएम श्री प्राइमरी स्कूल में हुआ हमला
यह घटना सरकंडा क्षेत्र के खमतराई स्थित पीएम श्री प्राइमरी स्कूल की बताई जा रही है। स्कूल समय के दौरान अचानक एक आवारा कुत्ता परिसर में घुसा और मासूम छात्र पर झपट पड़ा। बच्चे के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं।
बचाने दौड़ी शिक्षिका भी हुई घायल
छात्र को कुत्ते के हमले से बचाने के लिए महिला शिक्षिका आगे आईं, लेकिन कुत्ते ने उन पर भी हमला कर दिया। दोनों को काफी चोटें आईं, जिसके बाद स्कूल में अफरा-तफरी मच गई।
अस्पताल में कराया गया इलाज
स्कूल के हेडमास्टर और अन्य स्टाफ की मदद से घायल छात्र और शिक्षिका को तुरंत सिम्स अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों ने दोनों को एंटी-रेबीज इंजेक्शन लगाए और प्राथमिक उपचार किया। फिलहाल दोनों की हालत स्थिर बताई जा रही है।

अब तक 10 लोगों को काट चुका है कुत्ता
स्थानीय लोगों के अनुसार, यह वही आवारा कुत्ता है जो इससे पहले भी इलाके में करीब 10 लोगों को काट चुका है। इसके बावजूद अब तक कुत्ते को पकड़ने या हटाने की कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
प्रशासन पर उठे सवाल
इस घटना ने एक बार फिर शहर में बढ़ती आवारा कुत्तों की समस्या और प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर दिया है। सवाल यह है कि आखिर कब तक मासूम बच्चे और आम नागरिक ऐसी घटनाओं का शिकार होते रहेंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



