
Bilaspur पुलिस की बड़ी कामयाबी, अवैध पिस्टल सप्लाई नेटवर्क का खुलासा
जरहाभाटा की मिनी बस्ती से मिली एक छोटी सी सूचना ने बिलासपुर पुलिस को बड़ी सफलता दिला दी है। इसी इनपुट के आधार पर पुलिस भोपाल के पिस्टल सप्लायर तक पहुंची और आगे जांच करते हुए मध्यप्रदेश के बड़वानी में संचालित अवैध पिस्टल कारखाने का भी खुलासा हुआ। हालांकि पुलिस के पहुंचने से पहले ही इस अवैध नेटवर्क का सरगना फरार हो गया, लेकिन कार्रवाई में दो बड़े आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
मिनी बस्ती से शुरू हुई कार्रवाई
सूचना के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने 30 जनवरी को जरहाभाटा की मिनी बस्ती में पांच निगरानी गुंडा-बदमाशों के घरों पर एक साथ दबिश दी। इस दौरान पुलिस ने स्वराज कुर्रे (20 वर्ष) को गिरफ्तार किया। तलाशी में उसके पास से एक पिस्टल, दो मैग्जीन, जिंदा कारतूस और 1100 नशीली गोलियां बरामद की गईं।

भोपाल के सप्लायर तक पहुंची पुलिस
पुलिस की पूछताछ में खुलासा हुआ कि स्वराज कुर्रे ने ये पिस्टल भोपाल निवासी धीरेंद्र सिंह तोमर (37 वर्ष) से खरीदी थी। इसके बाद 31 जनवरी को पुलिस की एक टीम भोपाल रवाना हुई। वहां आरोपी के घर की तलाशी लेने पर आलमारी और बेड के नीचे से पिस्टल, मैग्जीन और जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पांच पिस्टल बेचने की बात कबूली
पूछताछ के दौरान धीरेंद्र सिंह तोमर ने स्वीकार किया कि उसने स्वराज को कुल पांच पिस्टल बेची थीं। इस खुलासे के बाद पुलिस को अवैध हथियारों के बड़े नेटवर्क का संकेत मिला।
बड़वानी में अवैध पिस्टल कारखाने का खुलासा
आरोपियों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस टीम मध्यप्रदेश के बड़वानी पहुंची, जहां अवैध पिस्टल कारखाने के संचालन की पुष्टि हुई। हालांकि, पुलिस के पहुंचने से पहले ही इस नेटवर्क का मुख्य सरगना फरार हो चुका था। पुलिस के अनुसार, आरोपी आपसी बातचीत व्हाट्सएप कॉल के जरिए करता था, जिससे तकनीकी साक्ष्य जुटाने में कठिनाई आई है।
पूरे देश में कुख्यात है बड़वानी
मध्यप्रदेश का बड़वानी जिला पूरे देश में अवैध ऑटोमैटिक हथियारों के निर्माण और सप्लाई के लिए कुख्यात माना जाता है। स्थानीय लोगों के मुताबिक, यहां लंबे समय से अवैध हथियारों का कारोबार चल रहा है। आरोप है कि पुलिस से सांठगांठ के चलते कारोबारी अक्सर डमी हथियार दिखाकर बच निकलते हैं।
फरार सरगना की तलाश जारी
फिलहाल बिलासपुर पुलिस फरार सरगना की तलाश में जुटी हुई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही पूरे नेटवर्क का पर्दाफाश कर अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार किया जाएगा। इस कार्रवाई से अवैध हथियार कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



