
Bilaspur: पोल्ट्री फार्म चलाने वाले युवक की हत्या, पत्थर से बांधकर तालाब में फेंका शव
30 नवंबर से था लापता, तालाब में मिली लाश
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पोल्ट्री फार्म चलाने वाले युवक धीरज साहू (25) की हत्या कर उसकी लाश को पत्थर से बांधकर तालाब में फेंक दिया गया। युवक 30 नवंबर से लापता था। रविवार को उसका शव कोटा थाना क्षेत्र स्थित एक तालाब में मिला।
खाना खाकर निकला था फार्म की ओर, फिर नहीं लौटा
जानकारी के मुताबिक धीरज साहू घोरामार गांव का रहने वाला था। 30 नवंबर की रात वह घर पर खाना खाकर अपने पोल्ट्री फार्म के लिए निकला था। देर रात तक जब वह वापस नहीं आया, तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और अगले दिन थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई।

अज्ञात लोगों ने पीट-पीटकर की हत्या
जांच के दौरान पुलिस को रविवार को तालाब में युवक का शव मिला। शुरुआती जांच में सामने आया है कि धीरज की पीट-पीटकर हत्या की गई। इसके बाद आरोपियों ने पहचान छुपाने के इरादे से शव में पत्थर बांधकर तालाब में फेंक दिया।
हत्या की जांच तेज, पुलिस ने कई पहलुओं पर शुरू की पूछताछ
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर लिया है। टीम आसपास के इलाकों, पोल्ट्री फार्म और संभावित विवादों की दिशा में जांच कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हालात देखते हुए यह पूर्व नियोजित हत्या का मामला प्रतीत होता है।
परिजनों में शोक, गांव में सहम
घटना से घोरामार गांव और आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल है। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी का भरोसा दिलाया है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



