
Bilaspur: तहसीलदार के बेटे की सड़क हादसे में मौत
सकरी क्षेत्र में अज्ञात भारी वाहन की टक्कर से प्रतियोगी छात्र की गई जान
बिलासपुर। बलोद जिले में पदस्थ तहसीलदार हनुमंत सिंह श्याम के पुत्र मणिंद्र भूषण सिंह श्याम (23) की बिलासपुर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में मौत हो गई। यह हादसा सकरी थाना क्षेत्र अंतर्गत रामा लाइफ सिटी के पास मंगलवार सुबह करीब चार बजे हुआ। पुलिस ने मामले में प्राथमिक जांच शुरू कर दी है और दुर्घटनाकारी वाहन की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहा था युवक
जानकारी के अनुसार, मणिंद्र भूषण सिंह श्याम सकरी के रामा लाइफ सिटी क्षेत्र में किराए के मकान में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। मंगलवार तड़के वे अपनी बाइक लेकर बाहर निकले थे। इसी दौरान कलेक्टोरेट रोड के पास जिला न्यायालय के सामने एक भारी वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मणिंद्र सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।

सिम्स अस्पताल में इलाज के दौरान तोड़ा दम
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। गंभीर हालत में घायल छात्र को सिम्स अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर सिविल लाइन पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की।
फिंगर लॉक मोबाइल से हुई पहचान
सूत्रों के अनुसार, हादसे के समय छात्र का मोबाइल फोन उसकी जेब में था, लेकिन फिंगर लॉक होने के कारण पहले उसे खोला नहीं जा सका। बाद में लोगों ने छात्र का अंगूठा लगाकर मोबाइल अनलॉक किया और उसमें दर्ज नंबरों पर कॉल किए।
सुबह का समय होने के कारण कई कॉल रिसीव नहीं हुए, लेकिन एक नंबर पर संपर्क होने के बाद छात्र की पहचान संभव हो सकी। इसके बाद परिजनों को हादसे की जानकारी दी गई।
परिजनों की मौजूदगी में हुआ पंचनामा
शव की पहचान होने के बाद तहसीलदार हनुमंत सिंह श्याम सहित परिवार के अन्य सदस्य अस्पताल पहुंचे। परिजनों की मौजूदगी में शव का पंचनामा किया गया और फिर पोस्टमार्टम कराया गया।
प्रारंभिक जांच में यह सामने आया है कि छात्र के सिर पर गंभीर चोट लगी थी, जिससे उसकी मौत हुई। पुलिस अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद मौत के सटीक कारणों की पुष्टि होगी।
अज्ञात वाहन चालक की तलाश में पुलिस
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर लिया है। चूंकि हादसा सुबह चार बजे हुआ था, उस समय सड़क पर आवाजाही कम थी, इसलिए दुर्घटनाकारी वाहन और चालक की पहचान नहीं हो सकी।
पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज, प्रत्यक्षदर्शियों और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर वाहन की पहचान करने में जुटी है। वाहन की पहचान होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



