
Bilaspur: पति-पत्नी के विवाद में समझाइश देना पड़ा भारी, डायल 112 के आरक्षक की पिटाई, वर्दी फाड़ी
कोनी थाना क्षेत्र में हमलावर पति ने आरक्षक को पीटा, पुलिस ने दर्ज किया मामला
बिलासपुर के कोनी क्षेत्र में डायल 112 के एक आरक्षक को पति-पत्नी के बीच विवाद सुलझाने की कोशिश करना भारी पड़ गया। आक्रोशित पति ने न केवल आरक्षक की बेरहमी से पिटाई की, बल्कि उनकी वर्दी भी फाड़ दी। पुलिस ने हमलावर के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

विवाद सुलझाने गए थे आरक्षक
तिफरा क्षेत्र के पुलिस कॉलोनी निवासी मनीराम साहू पुलिस विभाग में आरक्षक हैं और डायल 112 में तैनात हैं। बीते 4 अक्टूबर को उनकी ड्यूटी शाम 2 बजे से रात 10 बजे तक डायल 112 सरकंडा ईगल 2 में थी। शाम 7:45 बजे एक कॉल के आधार पर वे चालक पालेश्वर नायक के साथ कोनी आईटीआई गेट के सामने रिवर व्यू कॉलोनी में निशा पटेल के घर पहुंचे। निशा ने बताया कि उनका पति मयाराम पटेल गाली-गलौज और विवाद कर रहा है।
समझाइश के दौरान हमला
आरक्षक मनीराम साहू ने मयाराम पटेल को समझाने की कोशिश शुरू की। लेकिन अचानक मयाराम आक्रोशित हो गया और उसने आरक्षक के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। इसके बाद उसने मनीराम को जान से मारने की धमकी दी और उनकी पिटाई शुरू कर दी। मयाराम ने आरक्षक को खेत में पटक दिया और उनकी वर्दी फाड़ दी। किसी तरह मनीराम ने वहां से भागकर अपनी जान बचाई।
पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना के बाद आरक्षक मनीराम की शिकायत पर कोनी थाना पुलिस ने हमलावर मयाराम पटेल के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 115(2), 132, 221, 296, और 351(2) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और हमलावर की तलाश कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



