
Bilaspur में 24 लाख की ठगी: सेमिनार के बहाने निवेश कराकर जालसाज फरार
बिलासपुर। शहर के होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार के नाम पर लोगों को बुलाकर 24 लाख रुपये का निवेश कराया गया। इसके बाद जालसाजों ने साइट हैक होने का बहाना बनाकर रातोंरात ऑफिस बंद कर फरार हो गए। जब पीड़ितों को ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में जुर्म दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

यूट्यूब विज्ञापन के जरिए फंसाया
शहर के निवासी मनीराम पटेल ने धोखाधड़ी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि यूट्यूब और अन्य सोशल मीडिया साइट्स पर कंपनी के विज्ञापन देखे, जिसमें निवेश पर प्रतिदिन एक प्रतिशत मुनाफे का वादा किया गया था। विज्ञापन में दिए गए नंबर पर संपर्क करने पर उन्हें जूम मीटिंग में शामिल किया गया। मीटिंग में आनलाइन मुनाफे की प्रक्रिया समझाई गई और प्रतिदिन एक प्रतिशत लाभ का लालच दिया गया।
सेमिनार में निवेश का दबाव
मनीराम के अनुसार, कंपनी के प्रतिनिधियों ने होटल सेंट्रल पाइंट में सेमिनार का आयोजन किया, जिसमें कई लोगों को बुलाया गया। वहां आकर्षक प्रेजेंटेशन और झूठे वादों के जरिए लोगों से भारी-भरकम राशि निवेश कराई गई। मनीराम और अन्य पीड़ितों ने कुल 24 लाख रुपये का निवेश किया। लेकिन कुछ समय बाद कंपनी ने साइट हैक होने का बहाना बनाकर संपर्क बंद कर दिया और ऑफिस खाली कर फरार हो गए।
पुलिस ने शुरू की जांच
ठगी का शिकार हुए लोगों ने जब कंपनी से संपर्क करने की कोशिश की, तो न तो कोई जवाब मिला और न ही ऑफिस में कोई मौजूद था। इसके बाद पीड़ितों ने बिलासपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर जालसाजों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, प्रारंभिक जांच में यह एक सुनियोजित साइबर ठगी का मामला प्रतीत हो रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



