March 2, 2026
बिलासपुर में नाबालिक की चाकू मारकर हत्या: 4 लोगों ने किया हमला, अस्पताल में तड़पता रहा

बिलासपुर में नाबालिक की चाकू मारकर हत्या: 4 लोगों ने किया हमला, अस्पताल में तड़पता रहा

Jul 14, 2025

बिलासपुर, 14 जुलाई 2025

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां चार लोगों ने मिलकर एक नाबालिक लड़के पर चाकू से हमला कर उसकी हत्या कर दी। यह घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र के जरहाभाठा मिनी बस्ती की है। मृतक की पहचान सुमित बांधे (16) के रूप में हुई है। हमले के बाद घायल नाबालिक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां वह फर्श पर तड़पता रहा और अंततः उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में तीन आरोपियों को हिरासत में लिया है, जबकि एक आरोपी अब भी फरार है।

विवाद से शुरू हुई वारदात

पुलिस के अनुसार, रविवार दोपहर को दो पक्षों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई। यह विवाद धीरे-धीरे इतना बढ़ गया कि दोनों पक्षों में मारपीट शुरू हो गई। इसी दौरान एक पक्ष ने सुमित बांधे पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हमलावरों ने नाबालिग के शरीर पर कई जगह गहरे घाव किए, जिसके बाद वह खून से लथपथ हो गया।

अस्पताल में तड़पता रहा नाबालिक

घटना के बाद सुमित को तुरंत जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन वहां उसकी हालत अत्यंत गंभीर थी। एक वीडियो में दिखा कि खून से लथपथ सुमित अस्पताल के फर्श पर तड़प रहा था और कुछ लोग उसे उठाने की कोशिश कर रहे थे। इस दौरान उसकी सांसें चल रही थीं, लेकिन कुछ ही देर बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

भाई ने बयां किया दर्द

मृतक के भाई विजय बांधे ने बताया कि सुमित का किसी से कोई विवाद नहीं था। उन्होंने कहा, “लड़ाई किसी और से हो रही थी। जब मेरा भाई घर से निकला, तो उसके साथ भी मारपीट की गई। चार लोगों ने मिलकर मेरे भाई की हत्या कर दी।” परिजनों का कहना है कि सुमित जैसे ही घर से बाहर निकला, उस पर हमला किया गया।

पुलिस ने शुरू की जांच

घटना की सूचना मिलते ही सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सिविल लाइन थाना प्रभारी एसआर साहू ने बताया कि स्थिति को नियंत्रित करने के लिए इलाके में पुलिस बल तैनात किया गया है। तीन आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि झगड़े की असल वजह क्या थी और इस घटना में कितने लोग शामिल थे। एक आरोपी अभी भी फरार है, जिसकी तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में गुस्सा देखा जा रहा है। परिजनों और मोहल्ले वालों ने पुलिस से जल्द से जल्द फरार आरोपी को पकड़ने और सभी दोषियों को सख्त सजा देने की मांग की है। पुलिस ने स्थानीय लोगों से भी पूछताछ शुरू कर दी है ताकि घटना के सभी पहलुओं का पता लगाया जा सके।

👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix