
Bilaspur में सनसनीखेज वारदात: अनुकंपा नियुक्ति के लिए मां-बेटी की हत्या की सुपारी
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां अनुकंपा नियुक्ति पाने के लालच में एक महिला और उसकी बेटी की हत्या की साजिश रची गई। मल्हार के खईयापारा में रहने वाली सतरूपा श्रीवास और उनकी बेटी बृहस्पती श्रीवास पर नकाबपोश हमलावरों ने जानलेवा हमला किया। इस हमले में सतरूपा गंभीर रूप से घायल हो गईं, जबकि उनकी बेटी को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए साजिशकर्ताओं सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

मां-बेटी पर लाठी से हमला
जानकारी के अनुसार, सतरूपा श्रीवास एक गृहणी हैं और अपनी बेटी बृहस्पती के साथ खईयापारा में रहती हैं। घटना 26 सितंबर की सुबह की है, जब सतरूपा सुबह नित्यक्रिया के लिए घर के पीछे का दरवाजा खोलने गईं। तभी दो नकाबपोश हमलावरों ने उन पर लाठी से हमला बोल दिया। सतरूपा के शोर मचाने पर उनकी बेटी बृहस्पती भी मौके पर पहुंची, लेकिन हमलावरों ने उस पर भी लाठी से प्रहार किया। शोर सुनकर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद हमलावर मौके से फरार हो गए।
गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती
पड़ोसियों ने तुरंत मां-बेटी को अस्पताल पहुंचाया। सतरूपा की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्थिति नाजुक बनी हुई है। वहीं, बृहस्पती को प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई। बृहस्पती की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस ने साजिश का किया खुलासा
पुलिस ने जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर दो आरोपियों को हिरासत में लिया। पूछताछ में पता चला कि इस हमले के पीछे अनुकंपा नियुक्ति (एसईसीएल में नौकरी) को लेकर साजिश रची गई थी। साजिशकर्ताओं ने सुपारी देकर इस वारदात को अंजाम दिलवाया। पुलिस ने साजिश में शामिल अन्य लोगों को भी गिरफ्तार कर लिया है और मामले की गहन जांच कर रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



