
Bilaspur में कोयला कारोबार के नाम पर 1 करोड़ की ठगी, दंपती सहित तीन आरोपी गिरफ्तार
बिलासपुर। कोयले के कारोबार में भारी मुनाफे का लालच देकर मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले के एक कारोबारी से 1 करोड़ से अधिक की ठगी का मामला सामने आया है। शहर के सरकंडा पुलिस ने इस धोखाधड़ी के मामले में एक दंपती सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। ठगी का शिकार उज्जैन के आगर रोड निवासी कारोबारी अरविंद सिंह पवार बने, जो विभिन्न बायो फ्यूल कंपनियों के मालिक हैं।
मार्च 2025 में शुरू हुई ठगी की साजिश
अरविंद सिंह पवार पिता राजेंद्र सिंह गुरु प्रकाश बायो फ्यूल, गुरु एग्रो ब्रिकेट्स और प्रकाश लोक बायो फ्यूल नामक फर्मों से कोयला और बायो फ्यूल का कारोबार करते हैं। मार्च 2025 में कारोबारी सिलसिले में वे बिलासपुर आए थे। इसी दौरान राजस्व कॉलोनी सरकंडा निवासी अतीक उर रहमान उर्फ राजा खान (37 वर्ष) ने सेंट्रल पॉइंट होटल में उनसे मुलाकात की। राजा खान ने कोयला कारोबार में निवेश करने पर भारी लाभ का झांसा दिया और कहा कि उसके परिचित यह काम बड़े पैमाने पर कर रहे हैं।
दंपती ने खुद को कंपनी मालिक बताया
राजा खान ने अरविंद सिंह को नहरू उर्फ नेहरू साहू (37 वर्ष) और उसकी पत्नी सोनम कश्यप (26 वर्ष) से मिलवाया, जो शांति नगर बहरामुड़ा तिफरा सिरगिट्टी और रामकृष्ण नगर मोपका सरकंडा के निवासी हैं। मीटिंग में सोनम कश्यप ने खुद को ‘सुपर कोल ट्रेडिंग कंपनी’ की प्रोप्राइटर और नहरू साहू ने ‘एसएस कोल ट्रेडिंग’ का प्रोप्राइटर बताया। दोनों ने दावा किया कि कोयला खरीदने के लिए निवेश करने पर प्रति टन 200 से 500 रुपये तक का मुनाफा सिर्फ 5 दिनों में मिलेगा।

1 करोड़ 13 लाख का निवेश, मुनाफा नहीं मिला
अरविंद सिंह ने उनकी बातों पर भरोसा कर अपनी फर्म के खाते से कुल 1 करोड़ 13 लाख 10 हजार रुपये अलग-अलग किस्तों में दे दिए। लेकिन आरोपियों ने न तो कोई मुनाफा दिया और न ही पूरा पैसा लौटाया। जब कारोबारी ने रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने केवल 61 लाख 2 हजार 626 रुपये ही लौटाए। शेष 67 लाख 97 हजार 374 रुपये की राशि वापस नहीं की गई।
पीड़ित की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई
ठगी का शिकार होने के बाद अरविंद सिंह पवार ने सरकंडा थाने में शिकायत दर्ज कराई। टीआई प्रदीप आर्य के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित जांच शुरू की और सभी तीन आरोपियों—अतीक उर रहमान उर्फ राजा खान, नहरू उर्फ नेहरू साहू और सोनम कश्यप—को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, यह ठगी सुनियोजित तरीके से की गई थी और कारोबार में निवेश के नाम पर लोगों को लालच देकर ठगा जा रहा था।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



