
Bilaspur: अरपा विहार हत्याकांड का खुलासा, बेटे और दामाद ने रस्सी से गला दबाकर की पिता की हत्या; दोनों गिरफ्तार
मोपका के अरपा विहार में हुआ सनसनीखेज मामला
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले के मोपका क्षेत्र अंतर्गत अरपा विहार में एक महीने पुराने हत्याकांड का पुलिस ने सफलतापूर्वक खुलासा कर दिया है। यहां मृतक शंभु राम साहू की हत्या किसी बाहरी व्यक्ति ने नहीं, बल्कि उसके ही 21 वर्षीय बेटे जय किशन साहू और 25 वर्षीय दामाद किसन साहू ने मिलकर की थी। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
11 दिसंबर की रात से 12 दिसंबर सुबह तक हुई वारदात
घटना 11 दिसंबर 2025 की रात करीब 11:30 बजे से 12 दिसंबर सुबह 8:30 बजे के बीच की बताई जा रही है। 12 दिसंबर को मृतक की पत्नी छैली बाई साहू ने सरकंडा पुलिस को सूचना दी कि उनका पति शंभु राम साहू घर के भीतर बेड पर मरा पड़ा है। उसके सिर पर चोट के निशान थे।

पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि, शुरू हुई जांच
सूचना पर सरकंडा पुलिस ने तुरंत मर्ग कायम किया, शव का पंचनामा कराया और पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण हत्या पाया गया, जिसके बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
परिवार के सदस्यों से पूछताछ में कबूला जुर्म
जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के बेटे जय किशन साहू और दामाद किसन साहू से गहन पूछताछ की। पूछताछ में दोनों ने अपना अपराध कबूल लिया। आरोपियों ने बताया कि शंभु राम साहू शराब पीने के बाद घर में परिवार के सदस्यों से मारपीट करता था, जिससे वे तंग आ चुके थे। इसी वजह से उन्होंने रस्सी से उसका गला दबाकर हत्या कर दी।
पुलिस ने दोनों को किया गिरफ्तार
पर्याप्त सबूत और स्वीकारोक्ति के आधार पर पुलिस ने जय किशन साहू और किसन साहू को गिरफ्तार कर लिया। दोनों को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है। पुलिस ने मामले की आगे की जांच जारी रखी है और कहा है कि यह घरेलू विवाद से उपजा हत्याकांड था।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



