
Bilaspur: FB से शुरू हुआ प्रेमजाल, रेलकर्मी पर दुष्कर्म और धोखाधड़ी का आरोप
बिलासपुर। फेसबुक के जरिए दोस्ती कर शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म और गर्भवती होने पर गर्भपात कराने का गंभीर मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने रेलवे में कार्यरत टेक्नीशियन के खिलाफ अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला तारबाहर थाना क्षेत्र का है।
फेसबुक से हुई पहचान, शादी का दिया भरोसा
उत्तरप्रदेश के मिर्जापुर की रहने वाली 27 वर्षीय युवती ने पुलिस को बताया कि जनवरी 2024 में उसकी पहचान बनारस के खोचवा निवासी रिशब कुमार सिंह (34) से फेसबुक के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ने पर आरोपी ने प्रेम का इजहार करते हुए शादी का वादा किया, जिससे युवती उसके झांसे में आ गई।

बनारस बुलाकर किया दुष्कर्म
पीड़िता ने बताया कि वह पुलिस भर्ती की तैयारी कर रही थी। इसी दौरान वर्ष 2024 में आरोपी ने उसे मिलने के लिए बनारस बुलाया। हैदराबाद गेट के पास एक मकान में ले जाकर आरोपी ने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी लगातार उसके साथ शारीरिक संबंध बनाता रहा।
प्रेग्नेंट होने पर कराया गर्भपात
लगातार शारीरिक संबंध के चलते युवती नवंबर 2024 में गर्भवती हो गई। इस पर आरोपी ने उसे गर्भपात की दवा खिला दी। पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उसे मानसिक और शारीरिक रूप से लगातार प्रताड़ित किया।
रेलवे में नौकरी लगने के बाद बदला रवैया
पीड़िता ने बताया कि इस दौरान आरोपी रिशब कुमार सिंह का चयन रेलवे में टेक्नीशियन ग्रेड-1 के पद पर हो गया और वह प्रशिक्षण के लिए बिलासपुर आया। नवंबर 2025 में उसने सक्ती स्टेशन के पास कमरा लेकर 8-9 दिनों तक युवती के साथ फिर शारीरिक संबंध बनाए और बाद में झूठी जानकारी देकर उसे वापस भेज दिया।
शादी से किया इनकार, पहचानने से भी मुकरा
जनवरी 2026 में जब पीड़िता बिना सूचना के बिलासपुर पहुंची तो आरोपी ने कार्यालय में उसे पहचानने से इनकार कर दिया। बाद में होटल ले जाकर फिर शारीरिक संबंध बनाए। जब युवती ने शादी की बात दोहराई तो आरोपी ने साफ कहा कि वह केवल शारीरिक संबंध के लिए था और शादी का कोई वादा नहीं किया।
थाने में शिकायत, पुलिस जांच में जुटी
आरोपी की हरकतों से परेशान होकर पीड़िता ने तारबाहर थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म, धोखाधड़ी सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है।
पुलिस का बयान
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला गंभीर है और सभी तथ्यों व साक्ष्यों के आधार पर जांच की जा रही है। जल्द ही आरोपी की गिरफ्तारी की जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



