
Bilaspur: इंजीनियर की संदिग्ध मौत: नाले में मिला शव, तीन घंटे देर से पहुंची पुलिस
गांववालों ने जताई हत्या की आशंका, पुलिस पर लापरवाही का आरोप
बिलासपुर। हिर्री क्षेत्र के सरसेनी स्थित काजू फैक्ट्री के पास सकर्रा गांव में उस वक्त सनसनी फैल गई जब स्थानीय इंजीनियर भास्कर शर्मा का शव नाले में मिला। ग्रामीणों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी, लेकिन आरोप है कि टीम तीन घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची।

रात में साथियों के साथ पी थी शराब
जानकारी के अनुसार, भास्कर शर्मा मूल रूप से सकर्रा गांव के रहने वाले थे और कुछ सालों से पुणे की एक निजी कंपनी में इंजीनियर के पद पर कार्यरत थे। दिवाली की छुट्टियों में वे गांव आए हुए थे। बुधवार रात वे गांव के कुछ लोगों के साथ काजू फैक्ट्री के पास शराब पी रहे थे। देर रात सभी लोग अपने-अपने घर लौट गए, लेकिन भास्कर घर नहीं पहुंचे।
सुबह नाले में मिला शव, गांव में मचा हड़कंप
गुरुवार सुबह ग्रामीणों ने नाले में शव देखा तो तुरंत हिर्री पुलिस को सूचना दी। सूचना के बावजूद पुलिस तीन घंटे बाद मौके पर पहुंची, जिससे ग्रामीणों में नाराजगी देखी गई।
हत्या की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
गांववालों का कहना है कि किसी ने इंजीनियर की हत्या कर शव को नाले में फेंक दिया है। पुलिस की देरी के कारण संदेहियों के भागने की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा होगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



