
कोल कारोबार पर GST विभाग की बड़ी कार्रवाई, में हिन्द कोल ग्रुप के ठिकानों पर एक साथ छापेमारी, दस्तावेज खंगाले जा रहे
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में कोल कारोबार से जुड़े मामलों में जीएसटी विभाग की कार्रवाई लगातार तेज होती जा रही है। इसी क्रम में शुक्रवार को GST विभाग की टीम ने बिलासपुर में हिन्द कोल ग्रुप के ठिकानों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक साथ छापेमारी की है। इस कार्रवाई से कोल कारोबार से जुड़े व्यापारियों में हड़कंप मच गया है।
कोलवॉशरी और कार्यालयों में दी गई दबिश
जानकारी के अनुसार, GST विभाग की टीम ने हिन्द कोल ग्रुप की कोलवॉशरी और कार्यालय परिसरों में एक साथ पहुंचकर जांच शुरू की। टीम द्वारा महत्वपूर्ण दस्तावेजों, बिल-बाउचर और लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड की गहनता से जांच की जा रही है।
इन यूनिटों पर की जा रही जांच
बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई हिन्द कोल ग्रुप द्वारा संचालित क्लीन कोल बेनिफिकेशन, रेडिएंट कोल बेनिफिकेशन और हिन्द कोल बेनिफिकेशन यूनिट के नाम से चल रही इकाइयों पर की गई है। ग्रुप की ये यूनिटें गतौरा, बलौदा और हिंडाडीह क्षेत्र में स्थित हैं।

ग्रुप संचालनकर्ताओं पर नजर
सूत्रों के मुताबिक, हिन्द कोल ग्रुप का संचालन राजेश अग्रवाल और संजय अग्रवाल द्वारा किया जाता है। GST की टीम उनके द्वारा संचालित सभी यूनिटों के कर भुगतान, इनपुट टैक्स क्रेडिट और कारोबार से जुड़े दस्तावेजों की बारीकी से जांच कर रही है।
जांच पूरी होने पर हो सकता है खुलासा
फिलहाल GST विभाग की कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद कर चोरी से जुड़े मामले में बड़े खुलासे और आगे की वैधानिक कार्रवाई की संभावना जताई जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



