February 9, 2026
Bilaspur: ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने की आत्महत्या, प्रेमी गिरफ्तार

Bilaspur: ब्लैकमेलिंग से परेशान महिला ने की आत्महत्या, प्रेमी गिरफ्तार

Feb 8, 2026

इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद प्रेम संबंध, फोटो वायरल करने की धमकी देकर करता था वसूली
बिलासपुर। सोशल मीडिया पर ब्लैकमेलिंग से त्रस्त होकर दो बच्चों की मां द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या करने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी प्रेमी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना सकरी थाना क्षेत्र की है, जहां महिला को लंबे समय से मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जा रहा था।

12 साल पहले किया था प्रेम विवाह
सकरी थाना क्षेत्र के लाखासार निवासी राधेश्याम यादव ने पुलिस को बताया कि उन्होंने करीब 12 वर्ष पहले गांव की ही रंजिता यादव से प्रेम विवाह किया था। दंपती के दो बच्चे हैं और परिवार सामान्य रूप से जीवन यापन कर रहा था।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई दोस्ती
राधेश्याम यादव के अनुसार, सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के माध्यम से उनकी पत्नी रंजिता की पहचान तखतपुर के खैरी निवासी सौरभ विश्वास, पिता दीपक विश्वास से हुई। बातचीत के दौरान दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और प्रेम संबंध बन गया।

फोटो लेकर करने लगा ब्लैकमेल
आरोप है कि इस दौरान सौरभ विश्वास ने महिला की निजी तस्वीरें अपने मोबाइल में ले लीं। बाद में उन्हीं तस्वीरों को इंस्टाग्राम पर वायरल कर बदनाम करने की धमकी देकर वह रंजिता को ब्लैकमेल करने लगा। डर के कारण महिला ने आरोपी को करीब दो लाख रुपये दे दिए थे।

लगातार पैसों की मांग से बढ़ा तनाव
परिजनों का आरोप है कि रकम मिलने के बाद भी आरोपी युवक लगातार और पैसे की मांग करता रहा। 19 जनवरी को आरोपी ने महिला के मोबाइल पर अपना बैंक खाता नंबर और बारकोड भेजकर फिर से पैसे भेजने का दबाव बनाया।

19 जनवरी को महिला ने लगाई फांसी
लगातार मानसिक प्रताड़ना और ब्लैकमेलिंग से परेशान होकर 19 जनवरी की दोपहर करीब 3 बजे रंजिता यादव ने अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया।

पुलिस ने दर्ज किया मामला
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतका का मोबाइल फोन जब्त कर जांच शुरू की गई। पति की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामले की जांच तेज की।

आरोपी प्रेमी गिरफ्तार
जांच के बाद पुलिस ने शनिवार को बीएनएस की धारा 108 के तहत अपराध दर्ज करते हुए आरोपी प्रेमी सौरभ विश्वास को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अब पूरे मामले से जुड़े डिजिटल साक्ष्यों की जांच कर रही है।

 

👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇

https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t


Walkie Talkie News की शुरुआत हमने इस सोच के साथ की कि आपको हर खबर मिले सबसे पहले, सबसे सटीक और बिना किसी लाग-लपेट के। डिजिटल दौर में जहाँ अफवाहें हवा से तेज़ फैलती हैं, वहाँ हमारा मकसद है—आप तक पहुँचे सिर्फ़ सच, वो भी रियल टाइम में। भिलाई-दुर्ग और आसपास की हर लोकल हलचल, हर अहम जानकारी अब आपकी उंगलियों की ज़द में है।
Editor: Saurabh Tiwari
Phone: 8839303956
Email: walkietalkiemynews@gmail.com
Office Address: Shop No. 25, Aakash Ganga, Supela, Bhilai, Durg, Chhattisgarh

© Copyright Walkie Talkie News 2025 | All Rights Reserved | Made in India by MediaFlix