
Bilaspur: आधी रात पुलिस पेट्रोलिंग से बदमाशों में खौफ, 12 दबोचे गए
बिलासपुर। शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और आम जनता को सुरक्षित माहौल प्रदान करने के लिए पुलिस ने सघन अभियान तेज कर दिया है। रविवार देर रात पुलिस की आधी रात पेट्रोलिंग से बदमाशों में खौफ पैदा हो गया। गली-मोहल्लों और चौक-चौराहों पर अड्डेबाजी करने वालों के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए पुलिस ने 12 बदमाशों को खदेड़कर पकड़ा।
उठक-बैठक और सार्वजनिक माफी
पकड़े गए बदमाशों को चौराहों पर ले जाकर पुलिस ने उनसे उठक-बैठक कराई। साथ ही कान पकड़कर सार्वजनिक रूप से माफी मंगवाई गई। यह कार्रवाई नशाखोरी, ग्रुपबाजी और असामाजिक गतिविधियों में लिप्त लोगों को सबक सिखाने के उद्देश्य से की गई।

पुलिस का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई से बदमाशों में कानून का भय पैदा होगा और शहर की सड़कों पर शांति बनी रहेगी।
चाकूबाज गिरफ्तार, आर्म्स एक्ट में कार्रवाई
इसी अभियान के दौरान देर रात चाकू लेकर घूम रहे एक बदमाश को भी पुलिस ने दबोच लिया। उसके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की गई। अवैध हथियार रखने और सार्वजनिक स्थानों पर आतंक फैलाने के आरोप में यह कार्रवाई की गई।
तीन-चार दिनों में 36 से अधिक गिरफ्तारियां
बीते तीन से चार दिनों में पुलिस ने जिलेभर में चलाए गए अभियान के तहत 36 से अधिक असामाजिक तत्वों को पकड़ा है। इनमें से कुछ पर प्रतिबंधात्मक धाराओं में कार्रवाई की गई, जबकि कुछ को सार्वजनिक रूप से सबक सिखाया गया।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



