
Bilaspur में सराफा व्यापारी से 25 लाख की लूट
बाइक सवार तीन बदमाशों ने दुकान बंद करते समय झपट्टा मारकर छीने सोना-चांदी के झोले
बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सराफा व्यापारी से लूटपाट की बड़ी वारदात सामने आई है। घटना के बाद शहर सहित आसपास के व्यापारिक क्षेत्रों में दहशत का माहौल है। मामला सीपत थाना क्षेत्र के खम्हरिया स्थित रमेश ज्वेलर्स का है, जहां दुकान बंद करते समय बाइक सवार तीन अज्ञात बदमाशों ने व्यापारी को निशाना बनाया और सोना-चांदी से भरे झोले लूटकर फरार हो गए। लूटे गए माल की कीमत करीब 25 लाख रुपये आंकी जा रही है।
चेहरे ढंके थे, पहचान मुश्किल
प्राप्त जानकारी के अनुसार, सराफा व्यापारी रोज की तरह रात में दुकान बंद कर रहे थे। वह शटर गिराने की प्रक्रिया में ही थे कि तभी बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे। आरोपियों ने अपने चेहरे कपड़े से ढंके हुए थे, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बदमाशों ने पलक झपकते ही वारदात को अंजाम दिया। व्यापारी के पास रखे तीन झोलों को झपट्टा मारकर छीना और तेज रफ्तार से फरार हो गए।

अकलतरा-बलौदा मार्ग की ओर भागने की आशंका
बताया जा रहा है कि झोलों में सोने और चांदी के आभूषण रखे थे। प्रारंभिक अनुमान के अनुसार आरोपी करीब 60 ग्राम सोना और 8 किलो से अधिक चांदी लेकर फरार हुए हैं।
घटना के बाद व्यापारी और आसपास मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन तब तक बदमाश आंखों से ओझल हो चुके थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी बाइक से अकलतरा-बलौदा मार्ग की ओर भागे हैं। इस दिशा में विशेष टीमों को अलर्ट किया गया है।
नाकेबंदी कर संदिग्धों की तलाश तेज
सूचना मिलते ही सीपत थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। आसपास के मार्गों पर नाकेबंदी कर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।
घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि आरोपियों की पहचान और उनके मूवमेंट का पता लगाया जा सके। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने की उम्मीद है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



