
Bilaspur में तेज रफ्तार ने ली दो जिंदगियां, हाईवा से टकराई कार
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में गुरुवार 8 जनवरी की रात एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। कोरबा पासिंग की नेक्सॉन कार (क्रमांक CG 12 AU 0995) सीपत की ओर जा रही थी। कार में एक युवती और तीन युवक सवार थे। रात करीब 11:30 बजे कार जब नूतन चौक के पास पहुंची, तब वह काफी तेज रफ्तार में थी।

अचानक ब्रेक बना हादसे की वजह
पुलिस के मुताबिक, कार चला रहे युवक नीरज दुबे ने अचानक तेज ब्रेक लगा दिया। इससे कार अनियंत्रित हो गई और यू-टर्न लेते हुए सामने से आ रहे हाईवा के सामने जा पहुंची। तेज टक्कर के कारण कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
दो युवकों की मौके पर मौत
इस हादसे में जांजगीर-चांपा जिले के रहने वाले हिमांशु राठौर और अंशु चंद्रा की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, आनंद चंद्रा और चालक नीरज दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

शराब पीकर घूमने निकले थे सभी
टीआई प्रदीप आर्या ने बताया कि कार सवार सभी युवक-युवती शराब पीकर घूमने के लिए निकले थे। तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह मानी जा रही है।
हादसे के बाद मचा हड़कंप
दुर्घटना के बाद मौके पर लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। हाईवा चालक और कार सवारों को भीड़ ने घेर लिया, जिससे नूतन चौक पर ट्रैफिक जाम की स्थिति बन गई। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और भीड़ हटाकर यातायात सुचारू कराया।

LIVE वीडियो आया सामने
इस भीषण हादसे का लाइव वीडियो भी सामने आया है, जिसमें तेज रफ्तार कार को अचानक ब्रेक लगाते, यू-टर्न लेते और हाईवा से टकराते हुए साफ देखा जा सकता है। वीडियो ने एक बार फिर तेज रफ्तार और नशे में ड्राइविंग के खतरनाक परिणामों को उजागर कर दिया है।
पुलिस जांच जारी
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और हादसे से जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



