
Bilaspur में धर्मांतरण का आरोप, बजरंग दल का हंगामा
छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में प्रार्थना सभा की आड़ में हिंदुओं का ब्रेनवॉश कर धर्मांतरण कराने का आरोप सामने आया है। बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने मौके पर पहुंचकर विरोध जताया, जिसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए मामला दर्ज किया है। यह घटना सरकंडा थाना क्षेत्र की है।

प्राइवेट मकान में चल रही थी प्रार्थना सभा
जानकारी के मुताबिक, सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में स्थित एक निजी मकान में बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित की जा रही थी। आरोप है कि यहां हिंदू समुदाय के लोगों को बुलाकर प्रलोभन दिया जा रहा था और बीमारी ठीक करने का दावा कर उन्हें ईसाई धर्म अपनाने के लिए प्रेरित किया जा रहा था।

बजरंग दल ने दी पुलिस को सूचना
रविवार को बजरंग दल के जिला संयोजक गौरव धनकर को इस गतिविधि की सूचना मिली। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं के साथ सरकंडा पुलिस को जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।

जेम्स सिंह के मकान में आयोजन
पुलिस जांच में सामने आया कि रॉयल पैलेस के पीछे रहने वाले जेम्स सिंह के मकान में प्रार्थना सभा आयोजित की गई थी। आरोप है कि यहां हिंदू समुदाय के लोगों को डराकर और बहलाकर धर्म परिवर्तन के लिए प्रेरित किया जा रहा था।
अनुमति को लेकर हुआ विवाद
जब बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बिना अनुमति प्रार्थना सभा आयोजित करने पर सवाल उठाया, तो ईसाई समुदाय से जुड़े लोगों ने तर्क दिया कि हिंदुओं के घरों में पूजा-पाठ के लिए भी पुलिस की अनुमति नहीं ली जाती। इस पर बजरंग दल ने कहा कि हिंदू आयोजनों में दूसरे समुदाय को बुलाकर धर्म परिवर्तन नहीं कराया जाता।
पुलिस ने दर्ज किया केस
सरकंडा थाना प्रभारी प्रदीप आर्य ने बताया कि बजरंग दल के पदाधिकारी की शिकायत पर बिना अनुमति प्राइवेट मकान में प्रार्थना सभा आयोजित करने और धर्मांतरण के आरोप में केस दर्ज किया गया है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



