
बिलासपुर: हुक्का कारोबार पर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, दो व्यापारी गिरफ्तार
पान दुकानों से 2.50 लाख का हुक्का पॉट और फ्लेवर जब्त
बिलासपुर: छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में प्रतिबंध के बावजूद हुक्का सामग्री की अवैध बिक्री पर पुलिस ने कड़ा प्रहार किया है। तारबाहर थाना पुलिस ने दो पान दुकानों पर छापेमारी कर करीब 2.50 लाख रुपये कीमत के हुक्का पॉट और फ्लेवर जब्त किए। इस कार्रवाई में दो व्यापारियों को गिरफ्तार किया गया और उनके खिलाफ कोटपा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया।
अग्रसेन चौक और सीएमडी चौक पर छापेमारी
पुलिस को सूचना मिली थी कि अग्रसेन चौक और सीएमडी कॉलेज चौक के पास पान दुकानों में प्रतिबंधित हुक्का सामग्री बेची जा रही है।

एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर तारबाहर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अग्रसेन चौक स्थित गुप्ता पान दुकान पर छापा मारा। यहां से 28 से 30 हजार रुपये कीमत के हुक्का फ्लेवर बरामद किए गए। इसके बाद पुलिस ने सीएमडी चौक के पास पुराना बस स्टैंड स्थित प्रदीप वाधवानी की दुकान पर तलाशी ली, जहां बड़ी मात्रा में हुक्का फ्लेवर मिला।
आरोपी के घर से भी बरामद हुआ सामान
पुलिस ने दुकान संचालक प्रदीप वाधवानी (42) से पूछताछ के बाद उसके घर की तलाशी ली, जहां कार्टून में छिपाकर रखे गए हुक्का फ्लेवर जब्त किए गए।

प्रदीप के पास से कुल 2 लाख 28 हजार रुपये का सामान और बिक्री की रकम बरामद हुई। इस कार्रवाई में पुलिस ने प्रदीप वाधवानी और सरकंडा के राजकिशोर नगर निवासी पवन गुप्ता (24) को गिरफ्तार किया।
कोटपा एक्ट के तहत कार्रवाई
दोनों आरोपियों के खिलाफ प्रतिबंधित हुक्का सामग्री के कारोबार के लिए कोटपा एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। साथ ही, अन्य प्रतिबंधात्मक कार्रवाई भी की गई है। पुलिस ने चेतावनी दी है कि शहर में अवैध हुक्का कारोबार पर सख्ती से नकेल कसी जाएगी और ऐसी गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई जारी रहेगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



