
Bilaspur: HC में डबल केज व्हील ट्रैक्टरों पर सुनवाई, सरकार ने दिया हलफनामा
बिलासपुर। ट्रैक्टरों में लगे डबल केज व्हील यानी दोहरी जालीदार बड़े पिछले पहियों के उपयोग पर रोक लगाने को लेकर दायर जनहित याचिका पर मंगलवार को छत्तीसगढ़ हाईकोर्ट में सुनवाई हुई। यह याचिका त्रिलोचन पटेल बनाम राज्य शासन के नाम से दर्ज है।
कोर्ट ने राज्य सरकार से मांगी थी रिपोर्ट
मुख्य न्यायाधीश रमेश सिन्हा और न्यायमूर्ति अमितेंद्र किशोर प्रसाद की खंडपीठ ने इस मामले में पहले ही राज्य सरकार से अनुपालन रिपोर्ट तलब की थी। इसके जवाब में लोक निर्माण विभाग के सचिव ने अदालत में अपना व्यक्तिगत हलफनामा प्रस्तुत किया है।

बताया जा रहा है कि याचिका में यह मांग की गई है कि ट्रैक्टरों में डबल केज व्हील का उपयोग सड़कों और सार्वजनिक मार्गों को नुकसान पहुंचाता है तथा इससे हादसों की संभावना बढ़ जाती है। याचिकाकर्ता ने राज्य सरकार से इस पर कड़े प्रतिबंध और निगरानी की मांग की है। अदालत ने सचिव द्वारा पेश हलफनामे का अवलोकन करने के बाद मामले की अगली सुनवाई 31 अक्टूबर को निर्धारित की है।



