
Bilaspur : कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी के बाद शहर में मिला पटाखों से भरा ट्रक, सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर
बिलासपुर। जिला न्यायालय को ई-मेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद न्यायधानी बिलासपुर में हड़कंप मचा हुआ है। इसी बीच शहर के तोरवा थाना क्षेत्र में तमिलनाडु नंबर प्लेट वाला एक ट्रक भारी मात्रा में पटाखों से भरा संदिग्ध हालत में खड़ा मिला, जिससे दहशत और बढ़ गई।
जानकारी के मुताबिक, 8 जनवरी की सुबह तमिलनाडु से भेजे गए ई-मेल के जरिए बिलासपुर और राजनांदगांव जिला न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। इसके बाद से ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर थीं। इसी दौरान रविवार सुबह मानिकपुर रोड पर तमिलनाडु नंबर (TN-52 P-9783) का एक ट्रक पटाखों से लदा मिला।

रिहायशी इलाके में ट्रक, लोगों में फैली दहशत
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक से पटाखों से भरे कार्टन पिकअप वाहन में उतारे जा रहे थे। गांव और रिहायशी इलाके के बीच बिना किसी सुरक्षा मानकों के खड़े इस ट्रक को देखकर स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, क्षेत्र की घेराबंदी की गई और जांच शुरू कर दी गई।
हर एंगल से जांच में जुटी पुलिस
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ट्रक में मौजूद पटाखों का कोर्ट को मिली धमकी भरे ई-मेल से कोई संबंध है या नहीं। सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही हैं और किसी भी खतरे से निपटने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



