
Bilaspur: महालक्ष्मी ज्वेलर्स लूटकांड का खुलासा, 7 आरोपी गिरफ्तार
कांट्रैक्ट किलिंग और बड़ी वारदातों की साजिश का पर्दाफाश, 24 घंटे में 100% माल बरामद
बिलासपुर, 23 फरवरी 2026। बिलासपुर शहर में 17 फरवरी को सराफा व्यवसायी महालक्ष्मी ज्वेलर्स के संचालक संतोष तिवारी पर हुए जानलेवा लूटकांड का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने प्रेस वार्ता में बताया कि इस मामले में 7 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है।
कांट्रैक्ट किलिंग का नेटवर्क आया सामने
जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ कि आरोपियों ने शहर में कांट्रैक्ट किलिंग का ठेका लेकर कई वारदातों की योजना बनाई थी। इसमें एक होटल व्यवसायी से लूट, ज्वेलरी दुकान में सेंधमारी और भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की साजिश शामिल थी।
पुलिस के अनुसार, पूरे नेटवर्क का संचालन शहर के बदमाश प्रवृत्ति युवक नारद श्रीवास कर रहा था। उसी ने अन्य आरोपियों को बिलासपुर बुलाकर वारदात को अंजाम दिलाया।

17 फरवरी की रात ऐसे दिया वारदात को अंजाम
घटना की रात आरोपियों ने इको मारुति कार से संतोष तिवारी की गाड़ी को टक्कर मारी। जैसे ही तिवारी कार से बाहर निकले, बदमाशों ने पिस्टल तानकर और हथौड़ी से हमला किया। इसके बाद सोना और नकदी लूटकर फरार हो गए।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए उत्तर प्रदेश पुलिस की मदद से आरोपियों को मिर्जापुर से गिरफ्तार कर लिया और लूट का 100 प्रतिशत माल बरामद कर लिया।
हत्या की साजिश के लिए 6 लाख एडवांस
जांच में सामने आया कि भाजपा पार्षद बंधु मौर्य की हत्या की योजना पहले बनाई गई थी। आरोपी राजू सोनकर ने मौर्य की दिनचर्या की जानकारी जुटाकर 6 लाख रुपये एडवांस के रूप में नारद श्रीवास को दिए थे। आरोपियों को बिलासपुर में होटल और फार्महाउस में ठहराया गया था।
चोरी के वाहन और अवैध हथियार बरामद
आरोपियों ने वारदात के लिए चोरी की मोटरसाइकिल और चारपहिया वाहन का इस्तेमाल किया। पुलिस ने आरोपियों के पास से 5 लाख 33 हजार रुपये नकद, 6 धारदार चाकू, 1 देशी कट्टा, 1 जिंदा कारतूस, 6 मोबाइल फोन और तीन वाहन — मारुति इको, रेनॉल्ट क्विड और महिंद्रा स्कॉर्पियो बरामद किए हैं।
ये हैं गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में विनोद उर्फ बिन्नु प्रजापति (अनूपपुर), करीम खान (उत्तर प्रदेश), विजय लाम्बा (नई दिल्ली), मोनू उर्फ राहुल (गौतम बुद्ध नगर), इरफान अली (सीपत), नारद उर्फ सुमित श्रीवास (सिविल लाइन, बिलासपुर) और राजू सोनकर (चिंगराजपारा, बिलासपुर) शामिल हैं।
👉 *हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



