
रायपुर में बाइक चोर गिरफ्तार, दो वाहन बरामद
रायपुर : चोरी की लगातार मिल रही शिकायतों के बीच बड़ी कार्रवाई करते हुए एक शातिर वाहन चोर को गिरफ्तार किया है। आरोपी संजू निषाद, जो दुर्ग का रहने वाला है, ने डी.डी.नगर और माना थाना क्षेत्र से दो बाइक चोरी करना कबूल किया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर करीब 80 हजार रुपये की दो बाइक जब्त की हैं।
महादेव घाट मंदिर के बाहर से चोरी की थी बाइक
प्रार्थी प्रेमलाल साहू ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि वह 14 जुलाई की शाम अपनी होंडा बाइक CG 04 NF 3094 को महादेव घाट मंदिर के पास खड़ी कर दर्शन करने गया था। करीब एक घंटे बाद लौटने पर बाइक गायब मिली। शिकायत पर थाना डी.डी.नगर में अपराध दर्ज किया गया।
CCTV फुटेज और मुखबिर की मदद से पुलिस ने पकड़ा आरोपी
वरिष्ठ अधिकारियों के दिशा-निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और डी.डी.नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने कार्रवाई शुरू की। CCTV फुटेज खंगाले गए और मुखबिरों को सक्रिय किया गया। इसी दौरान पुलिस को आरोपी के बारे में पुख्ता सुराग मिला, जिसके बाद दुर्ग निवासी संजू निषाद को पकड़ कर पूछताछ की गई। उसने बाइक चोरी की घटना स्वीकार कर ली।
माना क्षेत्र की चोरी में भी शामिल था आरोपी
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने माना थाना क्षेत्र से भी एक बाइक चोरी करना कबूल किया। इस पर माना थाना में भी उसके खिलाफ धारा 303(4) BNS के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दो बाइक बरामद – कुल कीमत लगभग 80 हजार
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने दो चोरी की बाइक बरामद की हैं। दोनों वाहनों की कुल कीमत करीब ₹80,000 बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपी
संजू निषाद, पिता – यशवंत साहू
निवासी – ग्राम तुलसी, थाना पाटन, जिला दुर्ग



