
Bijli Bill में भारी बचत, पर्यावरण को बढ़ावा: PM सूर्यघर योजना
छत्तीसगढ़ के रायपुर में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के प्रचार-प्रसार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह रथ जिले के शहरों और गांवों में भ्रमण कर लोगों को योजना की जानकारी देगा और इसके लाभों से अवगत कराएगा। वित्त मंत्री ने बताया कि यह योजना उपभोक्ताओं को बिजली उपभोक्ता से ऊर्जा दाता बनने का अवसर प्रदान करती है।

प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत 1 से 3 किलोवाट तक रूफटॉप सोलर पैनल स्थापित कर प्रत्येक माह 100 से 360 यूनिट तक बिजली उत्पादन किया जा सकता है। इससे न केवल बिजली बिलों में भारी बचत होगी, बल्कि सौर ऊर्जा के उपयोग से पर्यावरण संरक्षण को भी बढ़ावा मिलेगा।
इस योजना में केंद्र सरकार 1 किलोवाट सोलर प्लांट लगाने पर 30 हजार रुपये की सब्सिडी, 2 किलोवाट पर 60 हजार और 3 किलोवाट पर 78 हजार रुपये की सब्सिडी सीधे बैंक खाते में देती है। इसके अतिरिक्त, छत्तीसगढ़ सरकार भी अतिरिक्त 15 से 30 हजार रुपये की वित्तीय सहायता प्रदान करती है। कुल मिलाकर उपभोक्ताओं को लगभग 75 प्रतिशत तक की सब्सिडी मिल रही है।

योजना के तहत सोलर प्लांट लगाने वाले उपभोक्ताओं को 6 प्रतिशत ब्याज दर पर 10 वर्ष के लिए आसान किस्तों में ऋण की सुविधा भी दी जाती है। लाभार्थी पीएम सूर्य घर मोबाइल ऐप, सीएसपीडीसीएल की वेबसाइट, मोर बिजली ऐप या टोल फ्री नंबर 1912 पर कॉल कर आवेदन कर सकते हैं। वे स्वयं ऑनलाइन वेंडर चुनकर सौर पैनल की स्थापना करवा सकते हैं।
यह योजना छत्तीसगढ़ के लिए ग्रीन एनर्जी के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण कदम है, जिससे न केवल ऊर्जा की बचत होती है, बल्कि पर्यावरण संरक्षण और स्वच्छ ऊर्जा उत्पादन को भी बढ़ावा मिलता है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



