
बीजापुर में IED ब्लास्ट, कोबरा बटालियन के दो जवान घायल
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में नक्सल विरोधी अभियान के दौरान रविवार को बड़ा हादसा हो गया। सर्च ऑपरेशन के दौरान आईईडी (इम्प्रोवाइज्ड एक्सप्लोसिव डिवाइस) विस्फोट की चपेट में आने से कोबरा बटालियन के दो जवान घायल हो गए। घटना के बाद दोनों घायलों को बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया है।
फरसगढ़ थाना क्षेत्र में हुई घटना
यह घटना फरसगढ़ थाना क्षेत्र के पिल्लूर–कांदालापरती इलाके में हुई। जानकारी के अनुसार, 14 दिसंबर की शाम डीआरजी, एसटीएफ और कोबरा बटालियन की संयुक्त टीम सर्च ऑपरेशन पर निकली थी। अभियान के दौरान नक्सलियों द्वारा पहले से लगाए गए आईईडी में विस्फोट हो गया।
घायल जवानों की पहचान
आईईडी ब्लास्ट में कोबरा बटालियन के आरक्षक कमलेश पैगाम और एएसआई अमित कुमार यादव घायल हुए हैं। विस्फोट के बाद मौके पर मौजूद जवानों ने तत्परता दिखाते हुए दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला और प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया।
इलाके में सर्च ऑपरेशन तेज
घटना के बाद सुरक्षा बलों ने पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है। नक्सलियों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए अतिरिक्त बल भी तैनात किया गया है। सुरक्षा एजेंसियां इलाके में सघन तलाशी अभियान चला रही हैं।
अधिकारियों की निगरानी में उपचार
घायल जवानों के इलाज पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा लगातार नजर रखी जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि दोनों जवान खतरे से बाहर हैं और उनका इलाज जारी है। सुरक्षा बलों ने नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम करने के लिए अभियान और तेज करने की बात कही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



