
Bijapur में सुरक्षाबलों ने 1 नक्सली को मार गिराया : जंगल में फोर्स ने नक्सलियों को घेरा, एक दिन पहले सुकमा में 3 माओवादी मारे गए
छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले में सुरक्षाबलों ने नक्सल विरोधी अभियान के तहत एक नक्सली को मार गिराया है। यह कार्रवाई इंद्रावती क्षेत्र के जंगलों में सर्च ऑपरेशन के दौरान हुई। मौके से नक्सली का शव और हथियार भी बरामद किए गए हैं।
जंगल में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच मुठभेड़
मिली जानकारी के अनुसार शुक्रवार सुबह माओवादियों की मौजूदगी की सूचना पर जिला पुलिस और डीआरजी (डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड) की टीम सर्चिंग पर निकली थी। इसी दौरान जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों ने सुरक्षाबलों पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में सुरक्षाबलों ने एक नक्सली को ढेर कर दिया।

मौके से हथियार और अन्य सामग्री बरामद
मुठभेड़ स्थल से नक्सली का शव, हथियार और अन्य दैनिक उपयोग की सामग्री बरामद की गई है। सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को घेरकर सर्च ऑपरेशन तेज कर दिया है, ताकि अन्य नक्सलियों की तलाश की जा सके।

इलाके में अब भी सर्च ऑपरेशन जारी
पुलिस अधिकारियों के अनुसार जंगल में अब भी रुक-रुक कर फायरिंग की आवाजें सुनाई दे रही हैं। एहतियातन अतिरिक्त बल तैनात कर दिया गया है और पूरे क्षेत्र में तलाशी अभियान जारी है।
एक दिन पहले सुकमा में मारे गए थे तीन माओवादी
गौरतलब है कि इससे एक दिन पहले सुकमा जिले के गोलापल्ली इलाके में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों ने तीन नक्सलियों को मार गिराया था। लगातार हो रही कार्रवाइयों से नक्सलियों पर दबाव बढ़ता जा रहा है।
नक्सल विरोधी अभियान रहेगा जारी
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि नक्सल प्रभावित इलाकों में सुरक्षा बलों का अभियान लगातार जारी रहेगा और शांति व्यवस्था बहाल करने के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



