
बिजली Poll हटाते समय Current की चपेट में आए तीन लोग, दो की मौत; एक गंभीर
22-8-2025
Surajpur जिले के ग्राम केवरा में शुक्रवार दोपहर दर्दनाक हादसा हो गया। मकान निर्माण के दौरान पुराना बिजली पोल हटाते समय करंट लगने से दो मजदूरों की मौत हो गई, जबकि मकान मालिक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना भैयाथान थाना क्षेत्र की है।

कैसे हुआ हादसा?
जानकारी के मुताबिक, केवरा गांव निवासी विपिन चंद जायसवाल अपने नए मकान का निर्माण करा रहे थे। घर की बाउंड्री के अंदर लगे पुराने बिजली पोल को हटाने के लिए उन्होंने दो मजदूरों को लगाया था। शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे विपिन चंद भी मजदूरों के साथ काम कर रहे थे।

पोल हटाते समय वह पास से गुजर रहे बिजली के सर्विस तार से छू गया। तार में करंट होने के कारण खंभे में बिजली फैल गई। हादसे में मजदूर राम प्रसाद विश्वकर्मा (45), कल्लू (35) और मकान मालिक विपिन चंद करंट की चपेट में आ गए। राम प्रसाद और कल्लू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विपिन चंद गंभीर रूप से झुलस गए। उन्हें तुरंत सीएचसी भैयाथान में भर्ती कराया गया।
बिजली सप्लाई चालू होने से हुआ हादसा
घटना के बाद दोनों मृतकों के शव अस्पताल लाए गए। हादसे के बाद परिजन और ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही बिजली विभाग ने इलाके की बिजली सप्लाई बंद कर दी।

विद्युत विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पोल हटाने की पूर्व सूचना विभाग को नहीं दी गई थी, जिस वजह से बिजली सप्लाई चालू थी। पुराने पोल के सर्विस वायर खुले तार से छूने के कारण यह दुर्घटना हुई।
पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



