
Bihar में मंत्री और विधायक पर जानलेवा हमला, बाल-बाल बचाई जान
पटना | 27 अगस्त 2025 बिहार की नीतीश सरकार में पंचायत मंत्री श्रवण कुमार और हिलसा विधायक कृष्ण मुरारी उर्फ प्रेम मुखिया पर मंगलवार को नालंदा जिले में जानलेवा हमला हुआ। दोनों नेता किसी तरह करीब एक किलोमीटर भागकर अपनी जान बचाने में सफल हुए, जबकि उनका बॉडीगार्ड गंभीर रूप से घायल हो गया। यह घटना हिलसा थाना क्षेत्र के मलावां गांव की है।

हादसे के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे नेता
दरअसल, 23 अगस्त को पटना जिले के शाहजहांपुर थाना क्षेत्र के सिगरियामा में ऑटो और हाइवा की टक्कर में मलावां गांव के नौ लोगों की मौत हो गई थी। मृतकों में ज्यादातर महिलाएं थीं, जिनमें संजू देवी, उदेशा देवी, कंचन देवी, बबीता देवी, रेणु कुमारी, दीपिका पासवान, गंगा देवी, कुसुम देवी और ऑटो चालक चंदन कुमार शामिल थे।
मंगलवार की सुबह मंत्री श्रवण कुमार और विधायक कृष्ण मुरारी शोक संतप्त परिवारों से मिलने पहुंचे थे। हालांकि, गांव में नेताओं की मौजूदगी के बाद ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा।
आक्रोशित ग्रामीणों का हमला
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के गृह जिले नालंदा में इतनी बड़ी घटना के बाद भी सरकार और जनप्रतिनिधियों ने समय पर पीड़ित परिवारों की सुध नहीं ली। इस उपेक्षा से नाराज ग्रामीणों ने दोनों नेताओं को देखते ही विरोध शुरू कर दिया।
आक्रोशित भीड़ ने नेताओं पर ईंट-पत्थर बरसाए। अफरातफरी में मंत्री और विधायक भागकर किसी तरह जान बचाने में सफल हुए। उनके साथ मौजूद बॉडीगार्ड को गंभीर चोट आई है।
पुलिस ने संभाली स्थिति
हमले की सूचना पर आसपास के कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को काबू में लिया। फिलहाल पूरे गांव को पुलिस छावनी में बदल दिया गया है।
जेडीयू जिला प्रवक्ता धनंजय देव ने हमले से इनकार किया। उनका कहना है कि ग्रामीण विधायक की कार्यशैली और सरकारी उदासीनता से नाराज थे। हंगामे के दौरान कुछ असामाजिक तत्वों ने ईंट फेंकी, जिससे सुरक्षा में तैनात एक जवान घायल हो गया।

लगातार नेताओं पर हमले
गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही बिहार सरकार के मंत्री मंगल पांडेय पर भीड़ ने हमला किया था। उस दौरान उनकी गाड़ी पर पत्थरबाजी हुई थी, हालांकि वे सुरक्षित बच गए थे।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



