
पटवारी के सूने मकान में बड़ी चोरी, लाखों के जेवरात और ढाई लाख कैश लेकर फरार हुए चोर
दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में चोरी की एक बड़ी वारदात सामने आई है। पद्मनाभपुर थाना क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने एक पटवारी के सूने मकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और करीब ढाई लाख रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया। यह घटना 21 और 22 दिसंबर की दरमियानी रात की बताई जा रही है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, राजस्व विभाग में पटवारी के पद पर पदस्थ हेमंत कुमार (पिता पूनाराम) वर्तमान में गुण्डरदेही में पदस्थ हैं। उनका निवास पद्मनाभपुर स्थित सरस्वती कुंज, प्लॉट नंबर 30 में है। 21 दिसंबर को दोपहर करीब 3:30 बजे वे अपने पैतृक गांव खम्हारटोला (दल्ली राजहरा) गए थे, जबकि उसी दिन शाम करीब 4:30 बजे उनकी पत्नी सोनम ने घर में ताला लगाकर मायके धनोरा चली गई थीं।
ताला तोड़कर दिया वारदात को अंजाम
22 दिसंबर की सुबह करीब 8 बजे जब सोनम घर लौटीं, तो सामने का गेट सुरक्षित था, लेकिन अंदर का मुख्य दरवाजा टूटा हुआ मिला। घर के भीतर जाने पर सारा सामान बिखरा पड़ा था। ऊपर के कमरे और अलमारी के ताले भी टूटे हुए थे।
लाखों का सामन लेकर हुए फरार
अलमारी की जांच करने पर पता चला कि चोर लगभग 30 ग्राम सोने का हार, 22 ग्राम झुमके, 10 ग्राम की अंगूठियां, बच्चों के सोने के गहने, मंगलसूत्र, सोने का सिक्का, चांदी के सिक्के, कमरबंध, पायल, बिछिया और पायजेब सहित कई कीमती जेवर ले गए हैं। इसके अलावा, केनन कंपनी का कैमरा, एटीएम कार्ड, घड़ियां, आधार-पैन कार्ड और करीब 2 लाख 20 हजार रुपये नकद भी चोरी हो गए।

पुलिस जांच में जुटी
पीड़ित की शिकायत पर पद्मनाभपुर थाना पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और चोरों की तलाश में जुटी हुई है। इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और लोगों ने रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



