
नक्सल मोर्चे पर बड़ी सफलता: 15 नक्सलियों ने किया आत्मसमर्पण, 1 करोड़ से अधिक का इनाम था घोषित
कांकेर/गढ़चिरौली। छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र सीमावर्ती क्षेत्र में नक्सल मोर्चे पर सुरक्षा बलों को बड़ी उपलब्धि मिली है। बुधवार को दो अलग-अलग स्थानों पर कुल 15 नक्सलियों ने हथियार डालकर मुख्यधारा में लौटने का निर्णय लिया। इन सभी पर मिलाकर 1 करोड़ रुपये से अधिक का इनाम घोषित था।

गढ़चिरौली में 11 नक्सलियों का समर्पण
गढ़चिरौली पुलिस मुख्यालय में महाराष्ट्र डीजी रश्मि शुक्ला के सामने 11 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर कुल 89 लाख रुपये का इनाम घोषित था। समर्पित नक्सलियों ने चार हथियार भी पुलिस के हवाले किए। सबसे चर्चित नाम विनोद सैयाना का है, जिस पर 25 लाख रुपये का इनाम था। यह नक्सली लंबे समय से छत्तीसगढ़–महाराष्ट्र बॉर्डर के जंगलों में सक्रिय था।

कांकेर में 4 नक्सलियों ने डाले हथियार
कांकेर जिले में एसपी आईके एलेसेला के समक्ष दो पुरुष और दो महिला नक्सलियों समेत कुल 4 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इन पर 23 लाख रुपये तक का इनाम था। समर्पित नक्सलियों में कंपनी नंबर 10 का एक सक्रिय सदस्य भी शामिल है। इसके अलावा एक महिला नक्सली मदनवाड़ा नक्सली हमले में शामिल बताई गई है, जिसमें एसपी विनोद चौबे शहीद हुए थे। समर्पण के बाद चारों नक्सलियों को 50–50 हजार रुपये की सहायता राशि पुनर्वास नीति के तहत प्रदान की गई।

सुरक्षा एजेंसियों को बड़ी राहत
लगातार बढ़ते ऑपरेशनों और प्रभावी आत्मसमर्पण नीति के चलते नक्सल संगठनों को बड़ा नुकसान उठाना पड़ रहा है।अधिकारियों का कहना है कि यह सफलता क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूती देगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



