
Police की बड़ी कामयाबी: साल भर पहले बायपास पर हुई चोरी का खुलासा, अलग अलग जिले के दो आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग/अंजोरा। दुर्ग जिले की पुलिस चौकी अंजोरा (थाना पुलगांव) ने चोरी के एक पुराने मामले में सफलता हासिल करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मार्च 2025 में अंजोरा बायपास रोड पर खड़ी एक गाड़ी से नकदी चोरी की थी। करीब 11 महीने की लगातार जांच के बाद पुलिस ने मंगलवार को आरोपियों को घेराबंदी कर धर दबोचा।
क्या था पूरा मामला?
मामले के अनुसार, 8 मार्च 2025 की रात प्रार्थी की गाड़ी अंजोरा बायपास रोड पर खड़ी थी। अज्ञात चोरों ने मौका पाकर वाहन से बड़ी रकम चोरी कर ली थी। इस संबंध में 18 मार्च 2025 को अंजोरा चौकी में रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध BNS (भारतीय न्याय संहिता) की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उनकी तलाश शुरू की थी।

घेराबंदी कर दबोचे गए आरोपी
विवेचना के दौरान पुलिस ने मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से दो संदिग्धों, भैरव साहू और राहुल ठाकुर की पहचान की। मंगलवार, 3 फरवरी 2026 को पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया।
पकड़े गए आरोपी
- भैरव साहू (23 वर्ष): निवासी खालसा, गुंडरदेही (बालोद)।
- राहुल ठाकुर (33 वर्ष): निवासी ग्राम सिरसिदा, नंदिनी (दुर्ग)।
नकदी और वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर उनके कब्जे से चोरी की गई नकद राशि बरामद की है। साथ ही घटना के समय इस्तेमाल किया गया वाहन भी जप्त कर लिया गया है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है। इस कार्यवाही में अंजोरा चौकी प्रभारी और उनकी टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



