
AAP सरपंच हत्याकांड में पुलिस की बड़ी कामयाबी, रायपुर में छिपे दो शूटरों को किया गिरफ्तार
रायपुर: आम आदमी पार्टी (AAP) के सरपंच की सरेआम हत्या के सनसनीखेज मामले में पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। तरनतारन जिले के वल्टोहा गांव के सरपंच जरमल सिंह की हत्या करने वाले दो शूटरों को पंजाब पुलिस ने छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से गिरफ्तार कर लिया है। दोनों आरोपी वारदात के बाद रायपुर में छिपे हुए थे।
शादी समारोह में सिर में मारी थी गोली
यह खौफनाक वारदात 4 जनवरी को अमृतसर के मैरी गोल्ड रिजॉर्ट स्थित एक मैरिज पैलेस में हुई थी। सरपंच जरमल सिंह लड़की पक्ष की ओर से शादी में शामिल होने पहुंचे थे। खाना खाते समय दो बदमाश बेखौफ अंदाज में उनके पास पहुंचे और पीछे से सिर में गोली मार दी। गोली लगते ही सरपंच टेबल पर गिर पड़े। गंभीर हालत में अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
मैरिज पैलेस में लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में साफ दिखाई देता है कि दोनों आरोपी बिना मुंह ढके सरपंच के पास पहुंचे, पिस्टल निकाली और सिर में गोली मारकर मौके से फरार हो गए। पुलिस जांच में सामने आया है कि सरपंच जरमल सिंह पर पहले भी तीन बार जानलेवा हमले हो चुके थे, लेकिन हर बार वह बच गए थे। इस बार हमलावरों ने भीड़भाड़ वाले शादी समारोह को निशाना बनाया।
सोशल मीडिया पर ली गई हत्या की जिम्मेदारी
हत्या के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें कुछ नामों के जरिए इस हत्याकांड की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पुलिस इन दावों की भी गंभीरता से जांच कर रही है। वारदात के बाद दोनों आरोपी पंजाब से फरार होकर रायपुर आ गए थे। तकनीकी इनपुट और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पंजाब पुलिस ने रायपुर पुलिस के सहयोग से राजेंद्र नगर स्थित ऋषभ अपार्टमेंट क्षेत्र से दोनों शूटर—सुखराज और कर्मवीर—को गिरफ्तार किया।

ट्रांजिट रिमांड पर ले जाएगी पंजाब पुलिस
गिरफ्तार आरोपियों को कोर्ट में पेश कर ट्रांजिट रिमांड पर पंजाब ले जाया जाएगा, जहां उनसे पूछताछ कर हत्या की साजिश, गैंग कनेक्शन और अन्य आरोपियों के बारे में जानकारी जुटाई जाएगी।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



