
अमलेश्वर पुलिस की बड़ी सफलता: 24 घंटे में सूने घर की चोरी का खुलासा, तीन आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग: दुर्ग जिले के थाना अमलेश्वर क्षेत्र में पुलिस ने महादेव घाट स्थित एक सूने घर में हुई चोरी की वारदात का महज़ 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। घटना 28 नवंबर 2025 की है, जहां प्रार्थी सागर कुमार जांगड़े ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उनके बड़े भाई के बंद घर से अज्ञात चोरों ने सोने-चांदी के जेवरात और नगदी रकम चोरी कर ली है। मामले में थाना अमलेश्वर ने अपराध क्रमांक 158/2025 धारा 305-ए, 331(4) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

80,000 रुपए के सोने-चांदी के जेवरात बरामद
जांच के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को स्कूटी क्रमांक CG-04/LW-5478 पर तीन युवक संदिग्ध अवस्था में घूमते मिले। पूछताछ में युवकों ने चोरी की वारदात करना स्वीकार किया और चोरी किए गए सामान को अमलेश्वर क्षेत्र की एक ज्वेलरी दुकान में बेचने की कोशिश की थी। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने लगभग 80,000 रुपए मूल्य के सोने-चांदी के जेवरात बरामद कर लिए और तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया।

गिरफ्तार आरोपी
1. अमित सोनकर (21 वर्ष), पुरानी बस्ती रायपुर
2. मोनू उर्फ दीक्षांत मांझी (19 वर्ष), मुकुट नगर रायपुर
3. राहुल सोनकर (21 वर्ष), मुकुट नगर रायपुर
अमलेश्वर पुलिस की तत्परता और सक्रियता के कारण चोरी का यह मामला तेजी से सुलझ गया, जिसकी स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



