
Durg Police की बड़ी स्ट्राइक, ₹48 लाख की फॉरेक्स ठगी में शिर्डी से एक और आरोपी गिरफ्तार
दुर्ग। ऑनलाइन निवेश और फॉरेक्स ट्रेडिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ दुर्ग पुलिस का अभियान ‘साइबर प्रहरी’ रंग ला रहा है। साइबर थाना दुर्ग ने ₹48,67,500/- की ठगी के मामले में तकनीकी विश्लेषण के आधार पर अहमदनगर (महाराष्ट्र) से तीसरे आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। आरोपी ने शिर्डी में एक ट्रस्ट के नाम पर बैंक खाता खोलकर ठगी की राशि का ट्रांजेक्शन किया था।
इंस्टाग्राम से बिछाया था ठगी का जाल
मामले का खुलासा तब हुआ जब प्रार्थी ने 9 अक्टूबर 2025 को शिकायत दर्ज कराई थी कि उसे इंस्टाग्राम पर फॉरेक्स ट्रेडिंग के जरिए मोटा मुनाफा कमाने का लालच देकर एक लिंक भेजा गया। लिंक पर क्लिक करते ही वह ठगों के संपर्क में आ गया और विभिन्न किस्तों में कुल ₹48,67,500/- निवेश के नाम पर ट्रांसफर कर दिए। ठगी का अहसास होने पर साइबर थाना दुर्ग में बीएनएस की विभिन्न धाराओं के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

ट्रस्ट के नाम पर खुला बैंक खाता
दुर्ग पुलिस ने इससे पहले इस मामले में आंध्रप्रदेश के अनकापल्ली जिले से दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। उनसे पूछताछ और डिजिटल ट्रैकिंग के दौरान पता चला कि ठगी की बड़ी रकम अहमदनगर जिला सेंट्रल को-ऑपरेटिव बैंक लिमिटेड में संचालित एक ‘ट्रस्ट’ के खाते में RTGS के माध्यम से भेजी गई थी। पुलिस जब शिर्डी पहुँची, तो पता चला कि आरोपी ने धार्मिक ट्रस्ट के नाम का दुरुपयोग कर खाता खुलवाया था ताकि पुलिस की नजरों से बचा जा सके।
गिरफ्तार आरोपी और जब्ती
पुलिस ने मनोहर लक्ष्मण मोरे (46 वर्ष), निवासी संगनमेयर, जिला अहमदनगर को गिरफ्तार किया है। आरोपी के पास से पुलिस ने ठगी में प्रयुक्त मोबाइल फोन, बैंक पासबुक और एटीएम कार्ड जब्त किए हैं। आरोपी को दुर्ग लाकर न्यायालय में पेश किया गया, जहाँ से उसे केंद्रीय जेल दुर्ग भेज दिया गया है। इस बड़ी सफलता में साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक जितेन्द्र वर्मा, एएसआई पूर्ण बहाद्दुर, आरक्षक अनूप कुमार शर्मा, कामेश देशमुख और विक्रम सिंह राजपूत की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



