
जैम पोर्टल खरीदी में बड़ा घोटाला, 5 अधिकारी-कर्मचारी निलंबित
रायपुर। छत्तीसगढ़ में सरकारी खरीदी व्यवस्था पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। जैम (GeM) पोर्टल के जरिए सामग्री खरीदी में भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितता सामने आने के बाद उच्च शिक्षा विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 5 अधिकारी-कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। यह मामला PM उषा मद से आवंटित राशि के दुरुपयोग से जुड़ा हुआ है।
छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियमों की अनदेखी
जांच में खुलासा हुआ कि सामग्री क्रय के दौरान छत्तीसगढ़ भंडार क्रय नियमों का पालन नहीं किया गया। तय प्रक्रिया को दरकिनार कर खरीदी की गई, जिससे शासन को आर्थिक नुकसान हुआ। सभी निलंबित अधिकारी-कर्मचारी नवीन वीरांगना रमोतिन माड़िया शासकीय आदर्श महिला महाविद्यालय, नारायणपुर में पदस्थ थे।

निलंबन अवधि में जगदलपुर रहेगा मुख्यालय
निलंबन के दौरान सभी का मुख्यालय क्षेत्रीय अपर संचालक कार्यालय, जगदलपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही नियमों के तहत उन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
इन पर गिरी गाज
डॉ. योगेन्द्र कुमार पटेल – प्राचार्य
भूषण जय गोयल – सहायक प्राध्यापक
किशोर कुमार कोठारी – सहायक प्राध्यापक
हरीश चंद बैद – सहायक प्राध्यापक
नोहर राम – सहायक प्राध्यापक
विभागीय जांच के आदेश मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च शिक्षा आयुक्त डॉ. संतोष देवांगन ने जांच कमेटी गठित की थी। कमेटी की रिपोर्ट में वित्तीय अनियमितता की पुष्टि होने के बाद तत्काल निलंबन की कार्रवाई की गई। विभागीय जांच के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा गया, जिसे मंजूरी मिल चुकी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



