
डकैती की बड़ी साजिश नाकाम: स्कॉर्पियो में हथियार लेकर निकले थे 6 शातिर बदमाश, पुलिस ने घेराबंदी कर दबोचा
रायपुर। राजधानी रायपुर की सिविल लाइन थाना पुलिस ने डकैती की योजना बना रहे 6 बदमाशों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। ये बदमाश एक स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार होकर शहर के एक चिन्हांकित घर में डकैती डालने की फिराक में थे। पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर घेराबंदी कर आरोपियों को उस वक्त धर दबोचा, जब वे कैनाल रोड पर खड़े होकर वारदात की अंतिम प्लानिंग कर रहे थे।
चिन्हांकित घर में लूट का था ‘मास्टर प्लान’
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। उनकी योजना के मुताबिक, वारदात के वक्त 3 बदमाश घर के अंदर घुसने वाले थे, जबकि 2 लोग बाहर खड़े होकर निगरानी (रेकी) करने वाले थे। वहीं, छठा आरोपी स्कॉर्पियो में ड्राइवर सीट पर तैनात रहता ताकि डकैती के तुरंत बाद सभी सुरक्षित फरार हो सकें।

हथियार और वाहन जब्त
सिविल लाइन पुलिस को गुरुवार शाम 5 बजे सूचना मिली थी कि दुर्गा नगर कैनाल रोड के पास कुछ संदिग्ध युवक हथियारों के साथ डकैती की योजना बना रहे हैं। पुलिस ने तत्काल टीम भेजी और घेराबंदी कर सफेद रंग की स्कॉर्पियो (CG 23 J 6367) को रोक लिया। गाड़ी की तलाशी लेने पर अंदर से 1 तलवार, 4 लकड़ी के डंडे और 1 हॉकी स्टिक बरामद की गई।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम
- टिकेश शेन्द्रे उर्फ बिल्ला (30 वर्ष)
- आलोक साहनी (23 वर्ष)
- नितेश साहनी (24 वर्ष)
- शुभम साहनी (19 वर्ष)
- इंद्र कुमार उर्फ सुमित निषाद (25 वर्ष)
- कुंदन साहनी (26 वर्ष)
पुलिस ने सभी 6 आरोपियों के खिलाफ डकैती की योजना बनाने और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है। पुलिस अब इन आरोपियों के पुराने आपराधिक रिकॉर्ड भी खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले किन वारदातों में शामिल रहे हैं।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



