
लालपुर में बड़ा राशन घोटाला! अविवाहितों की “कागज़ी शादी” और “फर्जी बच्चे” दिखाकर बनाए गए 12 फर्जी कार्ड
मुंगेली। जनपद पंचायत लोरमी के ग्राम पंचायत लालपुर में शासन की खाद्य सुरक्षा योजनाओं की खुलेआम धज्जियां उड़ाने वाला गंभीर मामला सामने आया है। यहां अविवाहित व्यक्तियों के नाम पर “कागज़ी शादी” और “फर्जी बच्चों” को जोड़कर राशन कार्ड जारी करने का बड़ा घोटाला उजागर हुआ है। ग्रामीणों ने इसे गरीबों के हक पर सीधा डाका बताते हुए पूरे प्रकरण की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है।
आरोपी के खिलाफ नहीं हुई कार्रवाई
शिकायतकर्ताओ के अनुसार, यह मामला लालपुर की उचित मूल्य दुकान—करूणा माता स्व सहायता समूह, ग्राम मारूकापा—से जुड़ा है, जहां फर्जी कार्डधारियों को लंबे समय से अनाज वितरण किया जा रहा है। हालांकि मामला जिला खाद्य अधिकारी से लेकर कलेक्टर तक पहुंच चुका है, मगर अब तक किसी भी आरोपी के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई है।

कार्डधारी अविवाहित
ग्रामीणों ने अपने आवेदन में दावा किया है कि कई राशन कार्डधारी अविवाहित हैं, लेकिन उनके कार्ड में पत्नी और बच्चों के नाम दर्ज कर दिए गए। आरोप है कि ग्राम पंचायत के पूर्व सरपंच ने करीब 4 हजार रुपए लेकर जनपद कार्यालय में फर्जी दस्तावेज लगवाकर इन कार्डों को मंजूरी दिलवाई।

शिकायत में दुकान क्रमांक 402007078 के तहत 12 फर्जी राशन कार्ड नंबरों की सूची भी संलग्न की गई है। इनमें शामिल कुछ नाम—अंजनी / विकास कुमार, अनामिका बारे / महेश कुमार बारे, अनीता टंडन / एवन, अमृता बघेल / सूर्यकांत बघेल, शिवानी डाहिरे / मोतीलाल डाहिरे—जिनमें कई लोग अविवाहित बताए गए हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



