
सोनिया–राहुल के खिलाफ नई FIR के विरोध में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन, रायपुर में ED दफ्तर का घेराव
रायपुर। नेशनल हेराल्ड मामले में सोनिया गांधी और राहुल गांधी के खिलाफ नई FIR दर्ज होने के बाद देशभर में कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदर्शन कर रहे हैं। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में भी कांग्रेसियों ने ED कार्यालय का घेराव करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान ईडी और केंद्र सरकार के पुतले फूंके गए। स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
नई FIR दर्ज
दिल्ली पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा (EOW) ने 30 नवंबर को FIR संख्या 0124/2025 दर्ज की है, जिसमें सोनिया गांधी, राहुल गांधी सहित कुल नौ लोगों और तीन कंपनियों को आरोपी बनाया गया है। आरोपों में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी और विश्वासघात शामिल हैं। यह FIR ईडी की 3 अक्टूबर 2025 की शिकायत पर आधारित है।

एजेंसी के अनुसार, एसोसिएटेड जर्नल्स लिमिटेड (AJL) की 2,000 करोड़ रुपये की संपत्तियों को कथित रूप से 50 लाख में अधिग्रहित करने की साजिश रची गई। यंग इंडियन को “स्पेशल पर्पस व्हीकल” के रूप में इस्तेमाल करने का भी आरोप है। ईडी ने अप्रैल 2025 में धनशोधन के आरोपों पर अभियोजन शिकायत भी दाखिल की थी।
कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन
कांग्रेस का कहना है कि केंद्र सरकार राजनीतिक प्रतिशोध के तहत जांच एजेंसियों का दुरुपयोग कर रही है। वहीं, एजेंसियां जांच को तथ्यों पर आधारित बता रही हैं। रायपुर सहित कई शहरों में कांग्रेस के विरोध प्रदर्शन जारी हैं।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



