
दुर्ग पुलिस ने पकड़ा फर्जी ट्रांसपोर्टर गिरोह, 6.50 लाख का माल गबन कर ट्रक कटवाने की थी तैयारी
दुर्ग | दुर्ग पुलिस ने ‘अमानत में खयानत’ और आपराधिक षडयंत्र रचकर लाखों रुपये का माल खुर्द-बुर्द करने वाले एक अंतर्राज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। आरोपियों ने फर्जी किरायानामा बनाकर ट्रांसपोर्टर से 12 टन माल लोड किया और उसे गंतव्य तक पहुँचाने के बजाय कबाड़ी को बेच दिया। पुलिस ने इस मामले में मुख्य आरोपी ट्रक मालिक सहित 4 लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
लाखों का वायर पुणे ले जाने के बजाय किया गबन
प्रार्थी प्रदीप कुमार शुक्ला ने 7 जनवरी 2026 को चौकी अंजोरा में शिकायत दर्ज कराई थी कि ट्रक (CG 04 PR 8522) के चालक अमल खान और मालिक तरुण कुमार यादव ने रसमड़ा (दुर्ग) स्थित मित्तल इंडस्ट्रीज से 6,56,699 रुपये कीमत का 12 टन ‘एचबी वायर’ पुणे ले जाने के लिए प्राप्त किया था। लेकिन आरोपियों ने माल को पुणे पहुँचाने के बजाय आपस में मिलकर गबन कर लिया।

खतरनाक साजिश: माल बेचा और ट्रक कटवाने की थी योजना
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं आरोपियों ने ट्रक का फर्जी किरायानामा बनाया था ताकि ट्रांसपोर्टर को शक न हो। माल लोड करने के बाद उसे रायपुर के एक पहचान के कबाड़ी आमिर खान को बेच दिया। आरोपियों ने योजना बनाई थी कि वे पुलिस को ट्रक चोरी होने की झूठी सूचना देंगे और बाद में ट्रक को भी कटवाकर उसके पुर्जे बेच देंगे और सारा पैसा आपस में बांट लेंगे।
जब्ती और गिरफ्तारी
पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामग्रियां जब्त की हैं:
- वाहन: घटना में प्रयुक्त ट्रक (कीमत लगभग 20 लाख रुपये)।
- नगद: माल बिक्री से प्राप्त 15,000 रुपये नगद।
- मोबाइल: 4 नग मोबाइल फोन।
गिरफ्तार आरोपी:
- मोहम्मद साहिबे आलम उर्फ समीर (प्रयागराज/रायपुर)
- अरबाज खान (इलाहाबाद/रायपुर)
- तरुण कुमार यादव (ट्रक मालिक – रायगढ़/रायपुर)
- आमिर खान (कबाड़ी – रायपुर)
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 316(3), 3(5) और 61(2) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें जेल भेज दिया है। इस मामले में एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



