
Chhattisgarh में शिक्षा विभाग का बड़ा फैसला, निजी स्कूलों में भी अब बोर्ड पैटर्न पर होंगी 5वीं-8वीं की परीक्षाएं
जगदलपुर। छत्तीसगढ़ में स्कूली शिक्षा की गुणवत्ता और एकरूपता सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने एक बड़ा नीतिगत बदलाव किया है। अब सरकारी स्कूलों की तर्ज पर छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मंडल से संबद्ध निजी (अशासकीय) स्कूलों में भी कक्षा 5वीं और 8वीं की वार्षिक परीक्षाएं केंद्रीकृत बोर्ड पैटर्न पर आयोजित की जाएंगी।
जगदलपुर में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) बी.आर. बघेल और परीक्षा नोडल अधिकारियों की मौजूदगी में निजी स्कूल संचालकों की बैठक हुई, जिसमें सत्र 2025-26 की परीक्षाओं के लिए विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं।
पाठ्यक्रम और तैयारी के लिए सख्त डेडलाइन
शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा की तैयारी में कोई कोताही नहीं बरती जाएगी:
- 14 फरवरी: सभी स्कूलों को हर हाल में पाठ्यक्रम पूरा करना होगा।
- 25 फरवरी: छात्रों को प्रश्नपत्र का ‘ब्लू प्रिंट’ समझाना अनिवार्य होगा।
- 27 फरवरी से 14 मार्च: विषय विशेषज्ञों द्वारा तैयार सैंपल पेपर्स से छात्रों को सघन अभ्यास कराया जाएगा ताकि वे मुख्य परीक्षा के लिए तैयार हो सकें।
![]()
कैसा होगा अंकों का विभाजन?
बोर्ड पैटर्न के तहत अंकों का ढांचा इस प्रकार निर्धारित किया गया है:
- कक्षा 5वीं: कुल 50 अंक (40 अंक लिखित परीक्षा + 10 अंक प्रोजेक्ट कार्य)।
- कक्षा 8वीं: कुल 100 अंक (80 अंक लिखित परीक्षा + 20 अंक प्रोजेक्ट कार्य)।
- प्रोजेक्ट वर्क: 25 फरवरी तक प्रोजेक्ट पूरे कर 27 फरवरी तक बीईओ कार्यालय में सीलबंद लिफाफे में जमा करने होंगे।
सरकारी केंद्रों पर होगी परीक्षा, 30 अप्रैल को रिजल्ट
पारदर्शिता के लिए निजी स्कूलों के बच्चों के परीक्षा केंद्र शासकीय प्राथमिक और पूर्व माध्यमिक विद्यालयों में बनाए जाएंगे। परीक्षा संचालन के लिए कक्षा 5वीं हेतु 55 रुपये और 8वीं हेतु 60 रुपये प्रति छात्र शुल्क तय किया गया है।
रिजल्ट का कैलेंडर
- 25 अप्रैल: अंकसूची (Mark sheet) तैयार करने की अंतिम तिथि।
- 30 अप्रैल: प्रदेश भर के स्कूलों में एक साथ परीक्षा परिणाम की घोषणा और अंकसूची वितरण।
👉 हमारे WhatsApp group से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://chat.whatsapp.com/KoD8NZUKKtmFqIxvNmiCwx?mode=gi_t



