
बिलासपुर में बड़ा साइबर फ्रॉड: कांग्रेस नेता का मोबाइल हैक, आरटीओ के नाम पर चला ई-चालान स्कैम
बिलासपुर। कांग्रेस नेता प्रमोद नायक का मोबाइल फोन हैक होने का चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जिसने एक बार फिर छत्तीसगढ़ में तेजी से बढ़ रहे ई-चालान ऑनलाइन स्कैम की गंभीरता को उजागर कर दिया है। कुछ महीने पहले कई नागरिकों ने शिकायत की थी कि ठग नकली चालान बनाकर संदिग्ध लिंक और APK फाइलों के माध्यम से लोगों के मोबाइल हैक कर रहे हैं। अब इसी तरीके का शिकार कांग्रेस नेता बने हैं।

फोन में आरटीओ ऑफिस” नाम से दिखा व्हाट्सऐप ग्रुप
प्रमोद नायक ने बताया कि सोमवार रात उनके मोबाइल पर “आरटीओ ऑफिस” नाम से एक व्हाट्सऐप ग्रुप दिखाई दिया। उसे वास्तविक समझकर जैसे ही उन्होंने ग्रुप खोला, उसमें मौजूद एक फाइल अपने-आप डाउनलोड हो गई। इसके बाद मंगलवार सुबह से उनके फोन पर हैकिंग के लक्षण दिखने लगे—उनके सभी संपर्कों और जिन-जिन व्हाट्सऐप ग्रुप्स में वे जुड़े थे, वे स्वतः एडमिन बन गए और उन्हीं ग्रुप्स में “आरटीओ ऑफिस” के नाम से नकली ई-चालान भेजे जाने लगे।

साइबर सेल में की शिकायत
उन्होंने आशंका जताई कि यह संगठित साइबर फ्रॉड का हिस्सा है जिसका उद्देश्य लोगों को ठगी के जाल में फंसाना है। घटना के बाद प्रमोद नायक बिलासपुर साइबर सेल पहुंचे और मामले की औपचारिक शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने मांग की है कि दोषियों की पहचान कर तुरंत कार्रवाई की जाए ताकि अन्य लोग इस साइबर खतरे का शिकार न हों। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आम नागरिकों को अनजान लिंक, ग्रुप और APK फाइलों से सावधान रहने की सलाह दी है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



