
रायगढ़ में अवैध धान परिवहन पर बड़ा एक्शन: जंगल के 7 गुप्त रास्ते सील, 4 अंतरराज्यीय कोचिये गिरफ्तार
रायगढ़। जिले में अवैध धान परिवहन के नेटवर्क पर नकेल कसने जिला प्रशासन ने बीती रात बड़ी कार्रवाई की। कलेक्टर के निर्देश पर घरघोड़ा एसडीएम दुर्गा प्रसाद अधिकारी के नेतृत्व में संयुक्त टीम ने ओडिशा से अवैध आवक के लिए तैयार किए गए घने जंगलों के बीच बने 7 गुप्त रास्तों को चिन्हांकित कर JCB से खुदवाई कर पूरी तरह बंद कर दिया। ये रास्ते कोचियों द्वारा लाल चंदन तस्करी की तर्ज पर गुप्त रूप से तैयार किए गए थे।
4 अंतरराज्यीय कोचिये गिरफ्तार
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद चार अंतरराज्यीय कोचियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। जांच में सामने आया कि ये न केवल अवैध धान ढुलाई में शामिल थे, बल्कि सरकारी टीम का विरोध करते हुए कार्य में बाधा भी डाल रहे थे। पुलिस ने इनके खिलाफ धारा 126, 135(3) और 170 भादवि के तहत मामला दर्ज किया है।
7,579 क्विंटल अवैध धान जब्त
प्रशासन ने बताया कि जिले में अवैध धान भंडारण और परिवहन पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। अब तक संयुक्त राजस्व–खाद्य–मंडी टीमों ने 7,579 क्विंटल अवैध धान जब्त किया है और 48 प्रकरण दर्ज किए हैं ।

इसके अलावा रायगढ़, पुसौर, खरसिया, घरघोड़ा, तमनार, धरमजयगढ़, छाल, कापू, लैलूंगा और मुकडेगा क्षेत्र में 70 बिचौलियों और कोचियों पर दफा 107(6) के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है।
सीमा क्षेत्रों में गश्त बढ़ाई गई
कलेक्टर चतुर्वेदी ने सीमा क्षेत्रों, जंगलों और गांवों में नियमित गश्त बढ़ाने तथा संदिग्ध गतिविधियों के खिलाफ तत्काल सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। प्रशासन का कहना है कि धान खरीदी व्यवस्था के समानांतर चल रहे किसी भी अवैध नेटवर्क को पूरी तरह खत्म करना ही मुख्य उद्देश्य है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



