
छत्तीसगढ़ में साइबर अपराध पर बड़ा एक्शन: 9 और जिलों में खुलेंगे साइबर थाने, जनवरी से शुरू होने की तैयारी
रायपुर। छत्तीसगढ़ में बढ़ते साइबर अपराधों पर लगाम कसने के लिए राज्य सरकार और पुलिस विभाग ने बड़ा कदम उठाया है। राज्य के 9 और जिलों में जल्द ही साइबर पुलिस थानों की शुरुआत की जाएगी। मार्च 2024 और मार्च 2025 के राज्य बजट में घोषित इन साइबर थानों को खोलने की अधिसूचना नवंबर माह में जारी कर दी गई है।

पुलिस मुख्यालय (PHQ) से जारी आदेश के अनुसार, उम्मीद है कि जनवरी 2026 से इन जिलों में साइबर थाने काम करना शुरू कर देंगे, जिससे रेंज स्तरीय साइबर थानों पर बढ़ते मामलों का दबाव कम होगा।
इन 9 जिलों में खुलेंगे साइबर थाने
▪️ बलौदाबाजार
▪️ धमतरी
▪️ महासमुंद
▪️ कोरबा
▪️ रायगढ़
▪️ राजनांदगांव
▪️ कबीरधाम
▪️ जांजगीर-चांपा
▪️ जशपुर
इनमें से रायपुर रेंज में चार नए जिला स्तरीय साइबर थाने शुरू होने जा रहे हैं। फिलहाल राज्य के पांचों संभाग—रायपुर, दुर्ग, बिलासपुर, सरगुजा और बस्तर में रेंज स्तर के साइबर थाने कार्यरत हैं।

स्टाफ और संसाधन बड़ी चुनौती
वर्तमान में रेंज साइबर थाने सीमित संसाधनों और बिना स्वीकृत पदों के संचालित हो रहे हैं। आईजी स्तर पर अन्य जिलों से डीएसपी, निरीक्षक और स्टाफ की अस्थायी तैनाती कर काम चलाया जा रहा है। ऐसे में जिला स्तरीय साइबर थानों के लिए पर्याप्त विवेचक, तकनीकी स्टाफ और आधुनिक सुविधाओं की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।
2026 के बजट में अलग फंड की उम्मीद
हाल ही में संपन्न डीजीपी–आईजीपी कॉन्फ्रेंस में साइबर क्राइम पर विशेष चर्चा हुई थी। देशभर में साइबर ठगी से निपटने के लिए पुलिस संसाधनों को अपर्याप्त माना गया। यही कारण है कि अधिसूचना जारी कर दी गई है और मार्च 2026 के बजट में साइबर थानों के लिए पृथक फंड मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।

साइबर अपराध पर अब तक की कार्रवाई
विधानसभा में दी गई जानकारी के अनुसार—
▪️ 2782 पुलिस अधिकारी और कर्मचारियों को साइबर अपराध प्रशिक्षण
▪️ 39 हजार से अधिक सिम और मोबाइल नंबर ब्लॉक
▪️ 1116 आरोपियों की गिरफ्तारी
▪️ 82.5 करोड़ रुपए की ठगी राशि समय रहते होल्ड
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



