
भिलाई गोलीकांड पर बड़ा एक्शन: आरोपी अवैध कब्जे पर चला निगम का बुलडोजर, भारी पुलिस सुरक्षा में तोड़ी गई बिल्डिंग
दुर्ग/भिलाई। गुरुघासीदास नगर में 14 नवंबर को इवेंट ऑर्गनाइज़र विकास प्रजापति पर गोली चलवाने के मामले में मुख्य आरोपी करण साव पर बड़ी कार्रवाई की गई है। बुधवार सुबह नगर निगम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में आरोपी के अवैध कब्जे पर बुलडोज़र चलाकर टेंट हाउस का निर्माण ध्वस्त कर दिया। निगम के अधिकारियों ने बताया कि आरोपी बीते 10 साल से अवैध जमीन पर टेंट हाउस संचालित कर रहा था।
बड़ी संख्या में पुलिस बल मौजूद
कार्रवाई के दौरान डीएसपी क्राइम, दो थाना प्रभारी और पर्याप्त संख्या में पुलिस बल मौके पर मौजूद रहा। निगम आयुक्त राजीव पांडेय भी कार्रवाई की निगरानी के लिए स्वयं साइट पर पहुंचे। आयुक्त ने बताया कि जिस जमीन पर अवैध निर्माण किया गया था, उसे प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए चिन्हांकित किया गया है। अवैध कब्जाधारियों को कई बार नोटिस दिया गया था, जिसके बाद यह अंतिम कार्रवाई की गई।

निगम पर भेदभाव का आरोप
इधर आरोपी करण साव के भाई सूरज साव ने निगम पर भेदभाव का आरोप लगाया। उनका कहना है कि इलाके में और भी अवैध मकान हैं, लेकिन कार्रवाई सिर्फ उनके घर पर की गई। उन्होंने कहा कि परिवार के लोग अपराध में शामिल थे तो वे जेल में हैं, लेकिन इस तरह घर-परिवार की रोज़ी-रोटी खत्म करना गलत है।
ये है मामला
आपको बता दें कि करण साव ने अपने भाई शिवम साव की हत्या के केस में जेल काटकर आए विकास प्रजापति की हत्या करने की कोशिश के लिए झारखंड से तीन शूटर बुलाए थे। वारदात में निशाना चूक गया, जिसके बाद जामुल थाना पुलिस ने 9 आरोपियों को गिरफ्तार किया था।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



