
कोरबा डकैती कांड में बड़ी कार्रवाई, घरवालों को बंधक बनाकर लूट करने वाले 3 और आरोपी गिरफ्तार
कोरबा। बालको थाना क्षेत्र के तराईदांड में हुई सनसनीखेज डकैती मामले में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। पहले 19 आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस ने 3 और डकैतों को पकड़ लिया है। इस तरह मामले में अब तक कुल 22 आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।

6 नवंबर की रात डकैतों ने शत्रुघ्न दास के घर पर धावा बोला था। परिवार को बंधक बनाकर डेढ़ लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरात लूट लिए थे। वारदात के दौरान डकैतों ने परिवार से धमकी देते हुए कहा था—
“सौम्या चौरसिया का पैसा कहां रखा है, बता दो… नहीं तो मारे जाओगे!”
इस मामले का एक चौंकाने वाला पहलू यह भी रहा कि पीड़ित परिवार की बेटी बबीता दास, निलंबित अधिकारी सौम्या चौरसिया की क्लासमेट रह चुकी है। दुर्ग में दोनों ने साथ पढ़ाई की थी और बबीता कुछ समय सौम्या के घर पर भी रही थी।

आज पकड़े गए आरोपी
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि पाली थाना क्षेत्र से जिन 3 आरोपियों को पकड़ा गया है उनके नाम हैं:
1. लक्ष्मी नारायण श्याम
2. विनोद कुमार सलाम
3. अक्षय कुमार पावले – (निवासी कटघोरा)
इनके पास से हथियार और नगदी रकम भी जब्त की गई है।
गांव वालों के उठे सवाल
ग्रामीणों ने इस बात पर सवाल उठाया है कि शत्रुघ्न दास के पास इतनी संपत्ति कहां से आई और क्यों डकैत सौम्या चौरसिया का नाम लेकर घर में घुसे। पुलिस ने कहा है कि जल्द ही पूरा खुलासा किया जाएगा और सभी फरार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



