
राजनांदगांव में प्रशासन की बड़ी कार्रवाई: 25 लाख से अधिक का अवैध धान जब्त, खरीदी केंद्र में पुराने धान को खपाने लाया था कोचिया
राजनांदगांव। धान की अवैध खरीदी-बिक्री पर रोक लगाने प्रशासन लगातार अभियान चला रहा है। कलेक्टर के निर्देश पर बुधवार को राजस्व, खाद्य एवं मंडी विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने एक ही दिन में 25 लाख 42 हजार रुपए मूल्य के 820 क्विंटल (2050 कट्टा) अवैध धान जब्त किया है।

जानकारी के अनुसार, धान उपार्जन केंद्र खुर्सीपार में ग्राम सेम्हरा का एक कोचिया बिना स्वयं फसल कटाई किए ग्रीष्मकालीन धान को खरीफ धान के साथ मिलाकर खपाने की कोशिश कर रहा था। अनुविभागीय अधिकारी राजस्व डोंगरगांव ने मौके पर धान जब्त कर प्रकरण दर्ज किया।
कई सामान जब्त
प्रशासन ने बताया कि अब तक जिले में कोचियों और बिचौलियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई करते हुए कुल 55,92,400 रुपए मूल्य के 1804 क्विंटल (4510 बोरी) धान और 2 वाहनों की जब्ती की जा चुकी है। जब्त धान और वाहन को धान खरीदी अवधि समाप्त होने के बाद ही मुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं।

1500 से अधिक मंडी अनुज्ञप्तिधारियों की जांच के निर्देश
जिले के 1500 से अधिक मंडी अनुज्ञप्तिधारियों की सूची तैयार कर जांच के निर्देश दे दिए गए हैं। अवैध भंडारण की पुष्टि होने पर तत्काल धान जब्त किया जाएगा।अंतर्राज्यीय अवैध धान आवक रोकने के लिए जिले में तीन चेकपोस्ट—बोरतलाब, पाटेकोहरा और कल्लूबंजारी—स्थापित किए गए हैं। यहां राजस्व, नगर सेना, वन और मंडी विभाग के अधिकारियों की 24 घंटे की ड्यूटी तीन पालियों में लगाई गई है।
👉 हमारे WhatsApp channel से जुड़ने के लिए दिए गए लिंक पर क्लिक करें👇👇
https://whatsapp.com/channel/0029VbALQC677qVNwdR5Le3V



